देश की खबरें | विहिप केंद्रीय मार्गदर्शक मंडल की बैठक शनिवार से हरिद्वार में होगी

हरिद्वार (उत्तराखंड), 10 जून विश्व हिंदू परिषद (विहिप) के केंद्रीय मार्गदर्शक मण्डल की बैठक 11 और 12 जून को हरिद्वार में होनी है।

निष्काम सेवा ट्रस्ट में आयोजित होने वाले इस दो दिवसीय बैठक में देश भर से करीब 250 साधु— संतों, महामंडलेश्वर, आचार्य और सभी 13 अखाड़ों के प्रतिनिधियों के उपस्थित रहने की संभावना है।

विहिप की 1964 में स्थापना के बाद, साल में दो बार होने वाली केंद्रीय मार्गदर्शक मंडल की इस बैठक को बहुत महत्वपूर्ण माना जा रहा है। संभावना है कि बैठक में धर्मांतरण, घर वापसी, ज्ञानवापी मस्जिद मामला, कश्मीर में टारगेट किलिंग सहित अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा के साथ ही उन पर प्रस्ताव पारित किये जाएंगे।

विहिप के केंद्रीय मंत्री अशोक तिवारी ने बताया कि बैठक दो सत्रों में होगी जिसमें उद्घाटन सत्र शनिवार को अपराह्न तीन बजे से शाम छह बजे तक होगा। दूसरा व अंतिम सत्र रविवार को सुबह नौ बजे से दोपहर एक बजे तक चलेगा।

तिवारी ने बताया कि बैठक में धर्मान्तरण और घर वापसी के साथ ही कुटुंब प्रबोधन जैसे मुद्दों पर चर्चा होगी जबकि कश्मीर में टारगेट किलिंग, जनसंख्या नियंत्रण और सामान नागरिक संहिता पर भी चर्चा होने की संभावना है।

देश के मौजूदा हालात को देखते हुए ‘घर वापसी’ जैसे मुद्दे पर मार्गदर्शक मण्डल की बैठक में गंभीर चिंतन के बाद रणनीति तय किए जाने की भी संभावना है।

विहिप के उपाध्यक्ष व राम जन्मभूमि मंदिर तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महामंत्री चंपत राय ने बताया कि केंद्रीय मार्ग दर्शक मंडल की बैठक से पहले प्रमुख साधु— संत एक बैठक कर चर्चा के विषयों का चयन करेंगे। उन्होंने बताया कि बैठक में रामजन्मभूमि मंदिर निर्माण की प्रगति के बारे में भी साधु—संतो को जानकारी दी जाएगी।

विहिप के अंतरराष्ट्रीय संरक्षक दिनेश ने बताया कि बैठक में सामाजिक समरसता, छुआछूत जैसे मुद्दों के साथ ही साधू संतों की इच्छा के अनुरूप ज्ञानवापी सहित अन्य ज्वलंत मुद्दों पर भी चर्चा की जा सकती है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)