India vs New Zealand, T20 World Cup 2026 Final Pitch Report: अहमदाबाद में खिताबी मुकाबले में बल्लेबाजों का चलेगा बल्ला या गेंदबाज मचाएंगे कहर? यहां जानें पिच रिपोर्ट
नरेंद्र मोदी स्टेडियम (Credit: Wikipedia)

India National Cricket Team vs New Zealand National Cricket Team, ICC T20 World Cup 2026 Final Pitch Report And Weather Update: टी20 वर्ल्ड कप 2026 का फाइनल मुकाबला आज यानी 8 मार्च को भारतीय राष्ट्रीय क्रिकेट टीम बनाम न्यूजीलैंड राष्ट्रीय क्रिकेट टीम के बीच खेला जाएगा. दोनों टीमों के बीच यह मुकाबला अहमदाबाद (Ahmedabad) के नरेंद्र मोदी स्टेडियम (Narendra Modi Stadium) में भारतीय समयानुसार शाम 7:00 बजे से खेला जाएगा. यह मैच टूर्नामेंट का सबसे बड़ा मुकाबला है, जहां दोनों टीमें ट्रॉफी जीतने के इरादे से मैदान में उतरेंगी. टीम इंडिया की कमान सूर्यकुमार यादव (Suryakumar Yadav) के हाथों में है. जबकि न्यूजीलैंड की कप्तानी मिचेल सैंटनर (Mitchell Santner) कर रहे हैं. यह भी पढ़ें: Sanju Samson And Shivam Dube New Milestone: संजू सैमसन और शिवम दुबे के पास बड़ा रिकॉर्ड बनाने का मौका, फिन एलन को पीछे छोड़ सकते हैं

करीब एक महीने तक चले रोमांचक मुकाबलों के बाद अब टी20 वर्ल्ड कप 2026 अपने आखिरी पड़ाव पर पहुंच गया है. सेमीफाइनल में इंग्लैंड को हराकर टीम इंडिया ने फाइनल में जगह बनाई थी. वहीं न्यूजीलैंड ने साउथ अफ्रीका को हराकर खिताबी मुकाबले का टिकट हासिल किया था. अब दोनों टीमें अहमदाबाद के दुनिया के सबसे बड़े क्रिकेट स्टेडियम नरेंद्र मोदी स्टेडियम में ट्रॉफी के लिए आमने-सामने होंगी. टीम इंडिया के पास इस मुकाबले को जीतकर तीसरी बार टी20 विश्व कप का खिताब अपने नाम करने का शानदार मौका है. वहीं न्यूजीलैंड की टीम पहली बार इस टूर्नामेंट की ट्रॉफी जीतने के इरादे से मैदान में उतरेगी.

भारत बनाम न्यूजीलैंड टी20 हेड टू हेड रिकॉर्ड (IND vs NZ T20I Head To Head Record)

भारत और न्यूजीलैंड के बीच टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में अब तक कुल 30 मुकाबले खेले गए हैं. इनमें भारतीय टीम ने 18 मैचों में जीत दर्ज की है. वहीं न्यूजीलैंड की टीम को 11 मुकाबलों में जीत मिली है. एक मैच टाई रहा है. हालिया मुकाबलों में दोनों टीमों के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिली है.

नरेंद्र मोदी स्टेडियम की पिच रिपोर्ट (Narendra Modi Stadium Pitch Report)

अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम की पिच आमतौर पर बल्लेबाजों के लिए अनुकूल मानी जाती है. यहां गेंद बल्ले पर अच्छी तरह से आती है और अक्सर हाई स्कोरिंग मुकाबले देखने को मिलते हैं. शुरुआती ओवरों में तेज गेंदबाजों को थोड़ी स्विंग और बाउंस मिल सकता है, लेकिन जैसे-जैसे मैच आगे बढ़ता है बल्लेबाज खुलकर शॉट खेल सकते हैं.

इस मैदान पर तेज आउटफील्ड और बड़े मैदान के बावजूद बल्लेबाज बड़े स्कोर बनाने में सफल रहते हैं. मिडिल ओवर्स में स्पिन गेंदबाज भी अहम भूमिका निभा सकते हैं. रात के मुकाबले में ओस का असर भी देखने को मिल सकता है, जिससे दूसरी पारी में गेंदबाजी करना थोड़ा मुश्किल हो सकता है. ऐसे में टॉस जीतने वाली टीम पहले गेंदबाजी करने का फैसला कर सकती है.

मौसम अपडेट (Ahmedabad Weather Update)

टी20 वर्ल्ड कप 2026 का फाइनल मुकाबला आज अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा. मौसम विभाग के अनुसार मैच के दौरान मौसम साफ रहने की संभावना है और बारिश की कोई खास आशंका नहीं है. तापमान लगभग 24 से 30 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है. शाम के समय हल्की नमी और ओस देखने को मिल सकती है, जो दूसरी पारी में गेंदबाजों के लिए चुनौती बन सकती है.

दोनों टीमों की संभावित प्लेइंग इलेवन पर एक नजर (IND vs NZ Final Playing Prediction)

भारत: संजू सैमसन (विकेटकीपर), अभिषेक शर्मा, इशान किशन, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), तिलक वर्मा, हार्दिक पांड्या, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, वॉशिंगटन सुंदर, जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह.

न्यूजीलैंड: फिन एलन, टिम सीफर्ट (विकेटकीपर), डेवोन कॉनवे, मार्क चैपमैन, ग्लेन फिलिप्स, डेरिल मिशेल, मिचेल सैंटनर (कप्तान), लॉकी फर्ग्यूसन, मैट हेनरी, ईश सोढ़ी, काइल जैमीसन.

नोट: भारतीय राष्ट्रीय क्रिकेट टीम बनाम न्यूजीलैंड राष्ट्रीय क्रिकेट टीम के इस फाइनल मुकाबले का स्कोरकार्ड आप हमारे वेबसाइट पर भी देख सकते हैं.