देश की खबरें | द्रमुक का झंडा लगे वाहन के महिलाओं का पीछा करने का वी़डियो वायरल, कार्रवाई की मांग

चेन्नई, 29 जनवरी तमिलनाडु के चेन्नई में शोसल मीडिया पर वायरल एक वीडियोक्लिप में एसयूवी में सवार कुछ लोग एक अन्य कार में सवार कुछ महिलाओं का पीछा करते एवं धमकाते नजर आ रहे हैं। एसयूवी पर सत्तारूढ़ द्रमुक का झंडा लगा हुआ है और इसमें सवार लोगों की तलाश की जा रही है। पुलिस ने इसकी जानकारी दी।

अन्नाद्रमुक महासचिव एडप्पादी के. पलानीस्वामी ने कहा कि महिलाओं को डराने-धमकाने की वीडियो क्लिप चौंकाने वाली है, और पूछा कि क्या "स्टालिन मॉडल द्रमुक सरकार" के तहत रात के दौरान महिलाओं के घूमने के अधिकार को छीन लिया गया है?

विपक्ष के नेता ने पूछा कि क्या सत्तारूढ़ द्रमुक का झंडा महिलाओं के खिलाफ अपराध करने का लाइसेंस है। इसके अलावा, भागने वाली महिलाओं का तब तक पीछा किया गया जब तक वे अपने घर नहीं पहुंच गईं और जब उन्होंने शिकायत दर्ज कराई तो पुलिस ने उन्हें रात के समय बाहर जाने के लिए दोषी ठहराया।

उन्होंने कहा कि राज्य के प्रमुख मार्ग ईस्ट कोस्ट रोड पर हुई यह घटना दिखाती है कि द्रमुक सरकार में कानून और व्यवस्था की स्थिति को पूरी तरह बिगड़ गयी है।

उन्होंने प्राथमिकी दर्ज करके सभी आरोपियों को गिरफ्तार करने और बिना किसी राजनीतिक हस्तक्षेप के उचित कानूनी कार्रवाई करने का आग्रह किया।

पुलिस ने कहा कि वह आरोपों की जांच कर रही है और आरोपियों की तलाश कर रही है।

राज्य भाजपा अध्यक्ष के अन्नामलाई ने इस घटना पर दुख व्यक्त करते हुए आरोप लगाया कि यह घटना दर्शाती है कि तमिलनाडु में महिलाओं को कोई सुरक्षा नहीं है, चाहे दिन हो या रात।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)