महाराष्ट्र BJP ने COVID-19 संक्रमण के रोकने की नाकामी को लेकर किया सरकार विरोधी प्रदर्शन, एनसीपी ने किया पार्टी पर किया पलटवार
बीजेपी नेता देवेंद्र फडणवीस ने महाराष्ट्र में कोरोना वायरस को फैलने से रोकने में शिवसेना के नेतृत्व वाली महा विकास अघाड़ी (एमवीए) सरकार की नाकामी के खिलाफ विपक्षी दल के राज्यव्यापी विरोध प्रदर्शन का शुक्रवार को नेतृत्व किया. शिवसेना ने अपने मुखपत्र ‘सामना’ में कहा कि बीजेपी का महाराष्ट्र सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन उसे ही भारी पड़ेगा.
मुंबई, 22 मई: बीजेपी नेता देवेंद्र फडणवीस (Devendra Fadnavis) ने महाराष्ट्र में कोरोना वायरस को फैलने से रोकने में शिवसेना के नेतृत्व वाली महा विकास अघाड़ी (एमवीए) सरकार की नाकामी के खिलाफ विपक्षी दल के राज्यव्यापी विरोध प्रदर्शन का शुक्रवार को नेतृत्व किया. फडणवीस ने पार्टी के वरिष्ठ नेताओं विनोद तावड़े और मुंबई बीजेपी अध्यक्ष मंगल प्रभात लोढ़ा के साथ मिलकर नरीमन प्वाइंट पर पार्टी की राज्य इकाई के मुख्यालय में काले मास्क पहनकर, काले फीते बांधकर और पोस्टर लेकर विरोध प्रदर्शन किए.
बीजेपी के एक अन्य नेता आशीष शेलार ने भी पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर पार्टी के एक मुख्यालय में ‘धरना’ प्रदर्शन किया. बीजेपी ने अपने पार्टी कार्यकर्ताओं से अपील की है वे कोरोना वारयस को काबू करने के लिए लागू किए गए लॉकडाउन के बीच सामाजिक दूरी के नियमों का पालन करते हुए अपने घरों के बाहर खड़े होकर सरकार के खिलाफ महाराष्ट्र बचाओ प्रदर्शन में हिस्सा लें.
यह भी पढ़ें: कोरोना वायरस से जंग: फराह खान के बनाए हेयरबैंड से उनके बेटे बनाया फेस मास्क, देखें फोटो
बीजेपी नेताओं ने अपने पार्टी कार्यालयों के बाहर एकत्र होकर एक घंटे विरोध प्रदर्शन किया. यह प्रदर्शन दोपहर में समाप्त हुआ. इस बीच, कांग्रेस, शिवसेना और राकांपा ने बीजेपी पर सोशल मीडिया के जरिए पलटवार किया. राज्य कांग्रेस प्रवक्ता सचिन सावंत ने कहा कि जब चिकित्सक, नर्सें, पुलिस और प्रशासन कोरोना वायरस नामक शत्रु से लड़ रहे हैं, तब ऐसे समय में बीजेपी राजनीति के बारे में कैसे सोच सकती है?
शिवसेना ने अपने मुखपत्र ‘सामना’ में कहा कि बीजेपी का महाराष्ट्र सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन उसे ही भारी पड़ेगा. राकांपा नेताओं ने सोशल मीडिया पर ‘महाराष्ट्रद्रोहीबीजेपी’ हैशटैग चलाकर विपक्षी दल का विरोध किया और सवाल किया कि क्या वह कोविड-19 योद्धाओं का अपमान कर रही है और महाराष्ट्र के साथ ‘‘विश्वासघात’’ कर रही है?
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)
(The above story first appeared on LatestLY on May 22, 2020 02:29 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

