देश की खबरें | दिल्ली में 45 साल से अधिक उम्र के लोगों के लिए बृहस्पतिवार से शुरू होगा टीकाकरण अभियान

नयी दिल्ली, 31 मार्च राष्ट्रीय राजधानी में 45 साल से अधिक उम्र के 65 लाख लोगों को तीसरे चरण के तहत बृहस्पतिवार से कोविड रोधी टीका लगाया जाएगा।

पहला चरण 16 जनवरी को शुरू हुआ था जिसमें दिल्ली में 3.6 लाख से अधिक स्वास्थ्य कर्मी एवं अग्रिम पंक्ति के कर्मियों को टीका लगाया गया था।

वहीं दूसरे चरण में, 60 वर्ष से अधिक उम्र और पहले से गंभीर बीमारी से पीड़ित 45-59 साल के लोगों को कोरोना वायरस से बचाव का टीका लगाया गया था।

सरकार के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, “ तीसरे चरण में, जो लोग एक जनवरी 2022 को 45 साल और इससे अधिक उम्र के होंगे, वे टीकाकरण के पात्र हैं, चाहे उन्हें कोई बीमारी हो या नहीं।”

टीकाकरण केंद्र सुबह नौ से रात नौ बजे तक काम करेंगे।

एक अधिकारी ने बताया कि सुबह नौ बजे से दोपहर तीन बजे तक सिर्फ पंजीकृत लोगों को ही टीका लगाया जाएगा। गैर पंजीकृत लोग दोपहर तीन बजे से रात नौ बजे के बीच टीका लगवा सकते हैं।

उन्होंने बताया कि टीका लगवाने के लिए लोगों को आधार कार्ड या कोई भी अन्य वैध पहचान साक्ष्य लाना होगा। अधिकारी ने बताया कि तीसरे चरण का टीकाकरण अभियान 192 केंद्रों पर चलेगा जिनमें से 136 राष्ट्रीय राजधानी के निजी अस्पताल हैं।

सरकारी अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों पर टीका निशुल्क लगाया जाएगा जबकि निजी अस्पतालों में प्रति खुराक 250 रुपये का भुगतान करना होगा।

स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन ने कहा कि 45 साल से अधिक उम्र के 65 लाख पात्र लोगों को 500 केंद्रों पर टीका लगाया जाएगा।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)