देश की खबरें | कल्याण सिंह के निधन से आई रिक्तता की भरपाई लगभग असम्भव: राजनाथ

नयी दिल्ली, 21 अगस्त रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह के निधन पर शोक जताते हुए कहा कि उन्होंने अपने व्यक्तित्व व कृतित्व से समाज पर एक अमिट छाप छोड़ी तथा उनके निधन से आई रिक्तता की भरपाई लगभग असंभव है।

सिंह ने सिलसिलेवार ट्वीट में कहा, ‘‘कल्याण सिंह उत्तर प्रदेश ही नहीं भारतीय राजनीति की वह कद्दावर हस्ती थे, जिन्होंने अपने व्यक्तित्व एवं कृतित्व से देश और समाज पर एक अमिट छाप छोड़ी। उनका लम्बा राजनीतिक जीवन जनता-जनार्दन की सेवा में समर्पित रहा। वे उत्तर प्रदेश के अत्यंत लोकप्रिय मुख्यमंत्री के रूप में जाने गए।’’

उन्होंने कहा कि जनसंघ के समय से ही कल्याण सिंह ने भाजपा को मजबूत बनाने और समाज के हर वर्ग तक पहुंचाने के लिए कड़ी मेहनत की। उन्होंने कहा, ‘‘श्रीरामजन्मभूमि आंदोलन में भी उनकी महती भूमिका के लिए उन्हें यह देश हमेशा याद रखेगा। उनका निधन भारतीय राजनीति के लिए बड़ी क्षति है और मेरे लिए तो यह बहुत ही पीड़ादायक क्षण है।’’

राजनाथ सिंह ने कहा कि कल्याण सिंह के निधन से उन्होंने अपना बड़ा भाई और साथी खोया है।

उन्होंने कहा, ‘‘उनके निधन से आई रिक्तता की भरपाई लगभग असम्भव है। ईश्वर उनके शोक संतप्त परिवार को दुःख की इस कठिन घड़ी में धैर्य और संबल प्रदान करे।’’

कल्याण सिंह का शनिवार शाम लंबी बीमारी के बाद लखनऊ में निधन हो गया। वह 89 वर्ष के थे।

दो बार उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री रहे कल्याण सिंह राजस्थान और हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल भी रहे।

ब्रजेन्द्र

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)