देहरादून, पांच अगस्त उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग द्वारा आयोजित भर्ती परीक्षाओं में गड़बड़ी के आरोपों के बीच शुक्रवार को उसके अध्यक्ष एस राजू ने पद से इस्तीफा दे दिया ।
वर्ष 2016 से आयोग के अध्यक्ष राजू ने नैतिकता का हवाला देते हुए पद से इस्तीफा दिया है ।
राजू ने कहा कि वह जांच में सहयोग करेंगे और भर्तियों में दवाब डालने वाले लोगों के नाम जांच एजेंसियों से साझा करेंगे ।
स्नातक स्तरीय परीक्षा के पेपर लीक मामले की जांच कर रही उत्तराखंड विशेष कार्यबल (एसटीएफ) पिछले एक पखवाड़े से अब तक एक दर्जन से अधिक लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है । मामले में अधिकारियों की भूमिका भी संदेह के घेरे में है ।
कुछ विपक्षी दलों ने आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए उसे भंग करने का भी सुझाव दिया है ।
आयोग ने पिछले साल चार और पांच दिसंबर को स्नातक स्तर की परीक्षा आयोजित कराई थी जिसमें अनियमतिताओं का आरोप लगाते हुए उत्तराखंड बेरोजगार संघ ने 22 जुलाई को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मिलकर उनसे जांच की मांग की थी ।
मुख्यमंत्री के निर्देश पर कार्रवाई करते हुए पुलिस महानिदेशक अशोक कुमार ने रायपुर थाने में भारतीय दंड विधान की धारा 420 के तहत मुकदमा दर्ज कराया था और मामले की जांच तत्काल एसटीएफ को सौंप दी गई थी ।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY