उत्तरकाशी, 14 अक्टूबर उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले में चार अक्टूबर को हुए हिमस्खलन के बाद से लापता दो पर्वतारोहियों की तलाश खराब मौसम के बीच शुक्रवार को 11वें दिन भी जारी रही।
इस बीच, पूर्व में बरामद एक और शव को यहां जिला अस्पताल में पोस्टमार्टम के लिए लाया गया, जिसे बाद में परिजनों को सौंप दिया जाएगा।
जिले के द्रौपदी का डांडा शिखर पर 17,000 फुट की ऊंचाई पर हुए हिमस्खलन के बाद से लापता पर्वतारोहियों की तलाश के लिए चलाया जा रहा अभियान पिछले एक सप्ताह से खराब मौसम के कारण प्रभावित हुआ है।
नेहरू पर्वतारोहण संस्थान (एनआईएम) के रजिस्ट्रार विशाल रंजन ने कहा कि 29 सदस्यीय दल के दो पर्वतारोही अब भी लापता हैं।
उन्होंने कहा कि जो लोग हिमस्खलन के बाद लापता हो गए थे, उनके बारे में कहा जाता है कि वे हिमखंड की एक दरार में गिर गए थे।
रंजन ने बताया कि पश्चिम बंगाल के प्रशिक्षु पर्वतारोही सौरव विश्वास का शव शुक्रवार को यहां मतली के आईटीबीपी शिविर और फिर जिला अस्पताल लाया गया। उन्होंने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव को परिजनों को सौंप दिया जाएगा।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)










QuickLY