देश की खबरें | उत्तराखंड: भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के पीआरओ पर ठगी के आरोप में मामला दर्ज

हरिद्वार (उत्तराखंड),14 जून भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की उत्तराखंड इकाई के अध्यक्ष एवं राज्य के पूर्व कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक के मीडिया प्रभारी (पीआरओ) सहित एक अन्य व्यक्ति के खिलाफ नौकरी दिलाने के नाम पर लाखों रुपये कि ठगी करने के आरोप में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि हरिद्वार जिले के भगवानपुर थाने में मामला दर्ज होने के बाद एक आरोपी संजीव शर्मा को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि कौशिक का पीआरओ पिंटू शर्मा फरार है।

हरिद्वार जिले के सरठेडी ग्राम के पूर्व प्रधान धर्मपाल सिंह की शिकायत पर 12 जून को भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की धारा 420, 406 एवं 120 बी के तहत मामला दर्ज किया गया।

शिकायत में जिन दो लोगों को आरोपी बनाया गया है, उनमे से एक पिंटू शर्मा हरिद्वार से विधायक मदन कौशिक का पीआरओ बताया जा रहा है। हालांकि, मदन कौशिक के कर्मी ने पिंटू शर्मा नामक किसी भी व्यक्ति के उनका पीआरओ होने से इनकार किया है, जबकि प्राथमिकी मे पिंटू शर्मा को मदन कौशिक का पीआरओ बताया गया है।

शिकायत में कहा गया है कि पिछले साल नगर निगम एवं पंचायत के 646 पदों पर नियुक्ति के लिए विज्ञप्ति निकली थी। 31 अक्टूबर 2021 को इन पदों पर भर्ती के लिए परीक्षा हुई। आरोप है कि पूर्व ग्राम प्रधान ने बेटे संजय एवं भतीजे की नौकरी के नाम पर ढाई लाख रुपये संजीव शर्मा के खाते में जमा कराए जबकि साढ़े चार लाख रुपये नकद दिए थे। 29 अप्रैल 2022 को रिजल्ट निकलने पर उनके पुत्र व भतीजे का चयन नहीं हुआ तो उन्होंने संजीव और पिंटू से रकम वापस मांगे, लेकिन उन्होंने रकम नहीं लौटाए।

मामले में संजीव शर्मा को गिरफ्तार कर लिया गया है जबकि पिंटू शर्मा फरार है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)