देश की खबरें | उत्तर प्रदेश साइबर पुलिस ने विदेशी जालसाज के भारतीय सहयोगी को गिरफ्तार किया

नोएडा (उप्र), 16 जून सोशल मीडिया पर दोस्ती कर दर्जनों महिलाओं से कथित धोखाधड़ी करने की आरोपी आइवरी कोस्ट की नागरिक के 21 वर्षीय भारतीय सहयोगी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। उत्तर प्रदेश पुलिस के अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

आइवरी कोस्ट की नागरिक को नौ मई को दिल्ली से गिरफ्तार किया गया था।

अधिकारियों ने बताया कि आरोपी को उत्तर प्रदेश साइबर अपराध विभाग की नोएडा इकाई ने हरियाणा के फरीदाबाद से गिरफ्तार किया।

नोएडा साइबर पुलिस थाना की प्रभारी रीता यादव ने बताया, ‘‘आरोपी की पहचान धीरज राठौड़ के तौर पर की गई है जो हरियाणा के फरीदाबाद का रहने वाला है। उसने आईवरी नागरिक 28 वर्षीय न्डाफिरमी को बैंक खाता मुहैया कराया जिसने धोखाधड़ी से प्राप्त राशि इस खाते में जमा कराई।’’

यादव ने बताया, ‘‘राठौड़, न्डाफिरमी के लिए कमीशन पर काम करता था। जितनी बार उसके बैंक खाते का इस्तेमाल किया जाता उसे 20 हजार रुपये का कमीशन मिलता। जांच में खुलासा हुआ कि राठौड़ के बैंक खाते के जरिये गत दो साल में कई बार धोखाधड़ी से मिली राशि का लेनदेन किया गया।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)