नयी दिल्ली/लखनऊ, 28 जनवरी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने शुक्रवार को उत्तर प्रदेश के लिए 91 उम्मीदवारों की एक और सूची जारी की। इस सूची में पार्टी के राज्य सरकार के मंत्रियों राजेंद्र प्रताप सिंह मोती, रमापति शास्त्री, सिद्धार्थ नाथ सिंह, जय प्रताप सिंह, उपेंद्र तिवारी, नंदकुमार गुप्ता नंदी, सूर्य प्रताप शाही समेत 13 मंत्रियों को उम्मीदवार घोषित किया गया है। हालांकि, सहकारिता मंत्री मुकुट बिहारी वर्मा को इस बार पार्टी ने मौका नहीं दिया है।
भाजपा ने 91 उम्मीदवारों की इस सूची में लगभग 20 विधायकों का टिकट काटा है। इस बार बहराइच की कैसरगंज विधानसभा सीट से मुकुट बिहारी वर्मा की जगह उनके पुत्र गौरव वर्मा पार्टी के प्रत्याशी घोषित किए गए हैं। अयोध्या जिले के बीकापुर क्षेत्र में विधायक शोभा देवी की जगह इस बार पार्टी ने उनके बेटे डॉक्टर अमित सिंह चौहान को मौका दिया है।
अयोध्या विधानसभा क्षेत्र से पार्टी ने एक बार फिर वेद प्रकाश गुप्ता पर भरोसा जताया है जो 2017 में भाजपा के टिकट पर इस क्षेत्र से निर्वाचित हुए थे। इस बार उनका मुकाबला फिर से सपा उम्मीदवार एवं पूर्व मंत्री तेज नारायण उर्फ पवन पांडे से होगा। अयोध्या (निर्वाचन क्षेत्र संख्या 275) क्षेत्र में पांचवें चरण में 27 फरवरी को मतदान होगा। उप्र के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के अयोध्या सीट से चुनाव मैदान में उतारने की अटकलें तेज थीं, लेकिन भाजपा ने योगी को गोरखपुर शहरी विधानसभा क्षेत्र से मैदान में उतारने का फैसला किया।
पार्टी की ओर से जारी आधिकारिक सूची के मुताबिक, मोती सिंह प्रतापगढ़ जिले की पट्टी, सिद्धार्थनाथ सिंह इलाहाबाद पश्चिम से, रमापति शास्त्री गोंडा जिले की मनकापुर (अनुसूचित जाति), जयप्रताप सिद्धार्थनगर की बांसी, सतीश द्विवेदी-इटवा, उपेंद्र तिवारी बलिया जिले के फेफना, नंदी इलाहाबाद दक्षिण, शाही पथरदेवा, सुरेश पासी जगदीशपुर (अजा), पल्टू राम बलरामपुर (अजा), जयप्रकाश निषाद देवरिया के रुद्रपुर और गिरीश चंद्र यादव-जौनपुर से चुनावी मैदान में उतरेंगे। पिछली बार संतकबीरनगर के धनघटा से चुनाव जीतने वाले राज्य मंत्री श्रीराम चौहान को इस बार गोरखपुर जिले की खजनी विधानसभा सीट से पार्टी ने उम्मीदवार बनाया गया है।
भाजपा की इस सूची में नौ महिला उम्मीदवारों को मौका मिला है। अयोध्या जिले की गोसाईगंज विधानसभा सीट से भाजपा ने आरती तिवारी को उम्मीदवार बनाया है। आरती तिवारी के पति इंद्र प्रताप तिवारी उर्फ खब्बू तिवारी इस क्षेत्र से 2017 में भाजपा के टिकट पर चुनाव जीते थे। पिछले वर्ष दिसंबर माह में सांसद-विधायक अदालत (एमपी-एमएलए कोर्ट) ने फर्जी अंक पत्र के मामले में खब्बू तिवारी को पांच वर्ष की सजा सुनाई थी। इसके बाद उनकी विधानसभा सदस्यता समाप्त रद्द कर दी गई थी।
प्रतापगढ़ जिले की कुंडा विधानसभा सीट से बाहुबली रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया के खिलाफ भाजपा ने सिंधुजा मिश्रा को मैदान में उतारा है। सिंधुजा मिश्रा के पति शिव प्रकाश मिश्रा वर्ष 2007 के विधानसभा चुनाव में बहुजन समाज पार्टी के टिकट पर राजा भैया के खिलाफ कुंडा से चुनाव लड़े और पराजित होकर दूसरे नंबर पर रहे थे। सिंधुजा 2012 के विधानसभा चुनाव में बहुजन समाज पार्टी से प्रतापगढ़ जिले की ही विश्वनाथगंज सीट से चुनाव मैदान में उतरी थीं और उन्हें समाजवादी पार्टी के राजा राम पांडेय ने करीब दस हजार मतों से पराजित किया था। प्रतापगढ़ जिले की रामपुर खास सीट पर कांग्रेस विधायक दल की नेता आराधना मिश्रा उर्फ मोना के खिलाफ भाजपा ने नागेंद्र प्रताप सिंह 'छोटे सरकार' को अपना उम्मीदवार बनाया है।
भाजपा ने पत्रकारिता से राजनीति में आए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सूचना सलाहकार शलभ मणि त्रिपाठी को देवरिया से उम्मीदवार बनाया है। पिछले दिनों भाजपा में शामिल हुए समाजवादी पार्टी के विधायक सुभाष राय को अंबेडकरनगर जिले की जलालपुर सीट से टिकट दिया गया है। इसी प्रकार कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हुए राकेश सचान को भोगनीपुर से उम्मीदवार बनाया गया है।
इसके साथ ही भाजपा ने 403 सदस्यीय उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए अब तक 294 उम्मीदवारों के नामों का ऐलान कर दिया है। भाजपा उत्तर प्रदेश में अपना दल-एस और निषाद पार्टी के साथ गठबंधन में चुनाव लड़ रही है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY