मॉस्को, 22 जून मॉस्को की एक अदालत ने बृहस्पतिवार को वॉल स्ट्रीट जर्नल के रिपोर्टर इवान गेर्शकोविच की अपील को खारिज कर दिया और पूर्व में दिए गए फैसले के अनुरूप उन्हें अगस्त के अंत तक जासूसी के आरोप में जेल में रखने का आदेश दिया।
अमेरिकी नागरिक को मार्च के अंत में एक रिपोर्टिंग यात्रा के दौरान गिरफ्तार किया गया था। मॉस्को की एक अदालत पिछले महीने उन्हें 30 अगस्त तक हिरासत में रखने पर सहमत हुई थी। बचाव पक्ष के वकीलों ने इस फैसले को चुनौती दी थी।
काली टी-शर्ट और हल्के नीले रंग की जींस पहने गेर्शकोविच तनावग्रस्त दिख रहे थे और मॉस्को सिटी कोर्ट में सुनवाई शुरू होने का इंतजार करते हुए कांच के बने प्रतिवादी कक्ष के अंदर इधर-उधर घूम रहे थे।
सुनवाई शुरू होने से पहले, अदालत कक्ष में मौजूद अन्य पत्रकारों को बाहर जाने के लिए कहा गया और कार्यवाही बंद दरवाजे के पीछे हुई।
गेर्शकोविच के माता-पिता और रूस में अमेरिकी राजदूत लिन ट्रेसी ने सुनवाई में भाग लिया।
बाद में पत्रकारों से बात करते हुए, ट्रेसी ने कहा कि “इवान इन कठिन परिस्थितियों में भी उल्लेखनीय ताकत और लचीलापन दिखा रहा है।”
गेर्शकोविच और उनके नियोक्ता ने इस बात से इनकार किया है कि उन्होंने रूस की जासूसी की।
अमेरिकी सरकार ने उन्हें गलत तरीके से हिरासत में लिए जाने की घोषणा की है और उनकी तत्काल रिहाई की मांग की है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)











QuickLY