देश की खबरें | योगी के निर्देश पर यूपी 112 सेवा को बनाया गया है और अधिक सशक्त

लखनऊ, 12 जुलाई उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर आम जनता की आकस्मिकता की स्थिति में पुलिस विभाग की सेवाओं की त्वरित गति से उपलब्धता सुनिश्चित करने के मकसद से यूपी-112 सेवा को और अधिक सुदृढ एवं सशक्त बनाया गया है।

अपर मुख्य सचिव (गृह) अवनीश कुमार अवस्थी ने रविवार को यह जानकारी देते हुए बताया कि मुख्यमंत्री के निर्देशों के क्रम में यूपी-112 की सेवाओं को और अधिक विस्तार दिया गया है।

यह भी पढ़े | गुजरात: पिछले 24 घंटों में COVID-19 के 879 नए मामले सामने आए, 13 की मौत : 12 जुलाई 2020 की बड़ी खबरें और मुख्य समाचार LIVE.

उन्होंने बताया कि इसके लिए जहां एक ओर यूपी-112 को अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुसार आपात सेवा के रूप में संचालित करने की दिशा में गंभीरता से प्रयास किये गये हैं, वहीं इसके माध्यम से वर्तमान सेवा के अलावा अग्निशमन सेवा, जीआरपी, 108 एंबुलेंस सेवा और 1090 वीमेन पावर लाइन जैसी सेवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने की व्यवस्था की गयी है।

अपर पुलिस महानिदेशक (यूपी 112) असीम अरुण ने बताया कि यूपी- 112 की सेवाएं जहां पहले सामान्य घटनाओं और आपातकालीन सूचनाओं पर कार्य करती थीं, वहीं अब इसके माध्यम से आग लगने पर जल्द मदद पहुंचाने के लिए अग्निशमन विभाग से भी जोड़ दिया गया है।

यह भी पढ़े | Coronavirus: महाराष्ट्र में थम नहीं रहा COVID-19 का कहर, पिछले 24 घंटे में 7,827 नए मरीजों की हुई पुष्टि, 173 की मौत.

अरुण ने बताया कि ट्रेनों में राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) की सहायता प्राप्त करने के लिए भी अब इस नंबर का इस्तेमाल किया जा सकेगा। उन्होंने बताया कि किसी आकस्मिक आपदा के समय

राज्य आपदा मोचक बल से मदद पाने के लिए भी उससे जोड़ा गया है। महिलाओं की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक चुस्त दुरुस्त बनाने के लिए इसे वीमेन पावर लाइन 1090 से जोड़ा गया है। साथ ही पिंक बस सेवा से भी इसे जोड़ने की व्यवस्था की गयी है।

अरुण ने बताया कि वृद्धजनों के लिए यूपी-112 की ओर से 'सवेरा' नामक योजना शुरू की गयी है, जिसके तहत सात लाख 30 हजार से अधिक बुजुर्गों का पंजीकरण कर उनके लिए अलग से डेस्क बनायी गयी है।

उन्होंने बताया कि घरेलू हिंसा से पीड़ित महिलाओं के पंजीकरण की भी विशेष व्यवस्था है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)