लंदन, 26 अगस्त ब्रिटेन की राष्ट्रीय अपराध एजेंसी (एनसीए) ने ब्रिटेन के वेस्ट मिडलैंड्स क्षेत्र के बाहरी इलाके से संचालित एक पाकिस्तानी मादक पदार्थ गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए आठ साल की जांच के बाद कब्जे में ली गई अनुमानित 1.7 करोड़ पाउंड की 59 संपत्तियों की जानकारी बुधवार को जारी की।
एनसीए जांचकर्ताओं ने पहले पाकिस्तान से हेरोइन की तस्करी करने की एक आपराधिक साजिश का पर्दाफाश किया था। साथ ही इसके मुख्य सरगना अमरान ज़ेब खान सहित आठ व्यक्तियों के एक समूह को जुलाई 2017 में बर्मिंघम क्राउन कोर्ट द्वारा कुल 139 साल और चार महीने की सजा सुनायी गई थी।
यह भी पढ़े | चीन से अलग होने पर अमेरिका खुद उठाएगा नुकसान: चीनी विदेश मंत्रालय.
एनसीए ने इसके बाद कई ऐसे लोगों के खिलाफ चार ‘सिविल रिकवरी’ जांच की जिन पर मादक पदार्थ डीलरों के साथ वित्तीय संबंधों का संदेह था। इसमें यह पता चला कि संपत्तियों को अपराध की आय का उपयोग करके हासिल किया गया था, जिसमें हेरोइन तस्करी और वितरण, धोखाधड़ी और धनशोधन शामिल था।
एनसीए में ‘एसेट डिनायल’ के प्रमुख एंडी लेविस ने कहा, ‘‘यह परिणाम संगठित अपराध के खिलाफ नागरिक जांच की शक्ति को प्रदर्शित करता है।’’
नियंत्रण में ली गई 59 संपत्तियों में से अधिकांश निजी आवासीय संपत्तियां थीं, जो बर्मिंघम में बोर्देस्ले ग्रीन या सेली ओक क्षेत्रों में किराए पर दी गई थीं। तीन संपत्तियां उत्तरी आयरलैंड में समुद्र तटीय शहर बांगोर में स्थित थीं।
नियंत्रण में ली गई बड़ी संपत्तियों में बर्मिंघम में स्टोनी लेन पर 235,000 पाउंड का एक घर भी शामिल है, जिसे ज़ेब खान परिवार के घर के रूप में पुनर्निर्मित किया जा रहा था।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY