देश की खबरें | यूजीसी ने उच्च शिक्षण संस्थानों से अपने परिसरों में नगर वन वाटिकाओं का विकास करने को कहा

नयी दिल्ली, 27 दिसंबर विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) ने कालेजों एवं उच्च शिक्षण संस्थानों से अपने परिसर में नगर वन/वाटिकाओं का विकास करने का आग्रह किया है ताकि जैव विविधता को प्रोत्साहित किया जा सके।

यूजीसी के सचिव प्रो. रजनीश जैन ने 27 दिसंबर को देश के विश्वविद्यालयों के कुलपतियों एवं कॉलेजों के प्राचार्यों को लिखे पत्र में कहा कि संस्थान के परिसर में नगर वन/वाटिकाओं का राज्य एवं केंद्र शासित प्रदेशों के वन विभाग के साथ समन्वय से विकास किया जा सकता है।

इसमें कहा गया है कि वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय नगर वन/वाटिका परियोजनाओं के विकास में जरूरी मदद प्रदान करेगा ।

पत्र में उच्च शिक्षण संस्थानों से कहा गया है कि भारत सरकार ने विभिन्न नीतियों एवं योजनाओं के माध्यम से देश में वन एवं वृक्षों का दायरा बढ़ाने के लिये वृक्षारोपण गतिविधियों को बढ़ावा देने की योजना बनाई है।

आयोग ने कहा कि नगर वन योजना वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय की हरित लक्ष्य को हासिल करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण योजना है । इस योजना में स्थानीय लोगों एवं विभिन्न एजेंसियों के सहयोग से जैव विविधता के विकास की संकल्पना की गई है।

यूजीसी ने कहा कि मंत्रालय ने इस योजना के तहत 1000 नगर वन/वाटिकाओं के विकास की संकल्पना की है जिसमें 29 राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों में 250 नगर वन/वाटिकाओं को मंजूरी दी जा चुकी है।

आयोग के सचिव ने अपने पत्र में कालेजों एवं उच्च शिक्षण संस्थानों से अपने परिसर में नगर वन/वाटिकाओं का विकास करने का आग्रह किया ताकि जैव विविधता को प्रोत्साहित किया जा सके।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)