4 मई की बड़ी खबरें और अपडेट्स
प्रतीकात्मक तस्वीर (Photo Credit: Image File)

भारत और दुनिया की बड़ी खबरें एक साथ, एक ही जगह पढ़ने के लिए आप सही पेज पर हैं. इस लाइव ब्लॉग को हम लगातार अपडेट कर रहे हैं, ताकि ताजा खबरें आप तक पहुंचा सकें.पश्चिम बंगाल में बीजेपी की एकतरफा जीत, टीवीके बहुमत से चूकी

50 साल बाद किसी भी भारतीय राज्य में नहीं होगी वामदल की सरकार

टीवीके की लहर में स्टालिन अपनी सीट से हारे, उदयनिधि जीते

केरल में बीजेपी ने पहली बार एक से ज्यादा सीटों पर जीत दर्ज की

होर्मुज में फंसे जहाजों को बाहर निकलवाएगी अमेरिकी सेना

जर्मनी में सीमा नियंत्रण को जारी रखना चाहते हैं गृह मंत्री

ट्रांसजेंडर अमेंडमेंट एक्ट पर रोक लगाने से सुप्रीम कोर्ट का इनकार

यूरोपीय नेताओं ने अमेरिका का संदेश सुन लिया हैः नाटो प्रमुख

टीवीके की लहर में स्टालिन अपनी सीट से हारे, विजय दोनों सीटें जीतने की राह पर

तमिलनाडु विधानसभा चुनाव के नतीजों से राज्य के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन को तगड़ा झटका लगा है क्योंकि उनकी पार्टी तो चुनाव हारी ही है, साथ ही वे भी अपनी सीट से हार गए हैं. कोलत्तूर सीट पर टीवीके उम्मीदवार वीएस बाबू ने उन्हें करीब 8,800 वोटों से हराया. उनके बेटे उदयनिधि स्टालिन चेपॉक सीट पर करीब 7,100 वोटों से जीत गए हैं.

अभिनेता विजय ने दो सीटों पर चुनाव लड़ा और दोनों पर ही जीत हासिल करते दिख रहे हैं. पेरंबूर सीट पर 19 दौर की मतगणना के बाद वे करीब 46,000 वोटों से आगे चल रहे हैं. वहीं, तिरुचिरापल्ली पूर्व सीट पर 18 दौर की मतगणना के बाद वे करीब 23,000 वोटों से आगे चल रहे हैं.

असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने जलुकबारी सीट करीब 89,000 वोटों से जीत ली है. जबकि कांग्रेस नेता गौरव गोगोई जोरहाट सीट पर करीब 23,000 वोटों से हार गए हैं. केरल के मुख्यमंत्री पी विजयन धर्मदम सीट पर 19,000 वोटों से जीत गए हैं.

पश्चिम बंगाल में भबानीपुर सीट पर 14 दौर की मतगणना के बाद ममता बनर्जी करीब 3,800 वोटों से आगे चल रही हैं. शुवेंदु अधिकारी दूसरे नंबर पर हैं. नंदीग्राम सीट पर 16 दौर की मतगणना के बाद शुवेंदु अधिकारी करीब 3,100 वोटों से आगे चल रहे हैं. पानीहाटी विधानसभा सीट पर आरजी कर रेप पीड़िता की मां रत्ना देबनाथ 20,000 से अधिक वोटों से आगे चल रही हैं.

पश्चिम बंगाल में बीजेपी की एकतरफा जीत, टीवीके बहुमत से चूकी

भारत के चार राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश में हुए विधानसभा चुनावों के परिणाम सोमवार, 4 मई को घोषित हुए हैं. सबसे ज्यादा चौंकाने वाले परिणाम तमिलनाडु से आए हैं, जहां अभिनेता विजय की नई नवेली पार्टी टीवीके 100 से ज्यादा सीट जीतती दिख रही है, जबकि डीएमके दूसरे और एआईएडीएमके तीसरे नंबर पर खिसक गई है. हालांकि, सबसे बड़ी पार्टी बनने के बावजूद टीवीके अभी बहुमत नहीं जुटा पाई है, उसे सरकार बनाने के लिए दूसरे दलों की मदद लेनी होगी.

पश्चिम बंगाल में बीजेपी और टीएमसी के बीच कड़े मुकाबले का अनुमान लगाया जा रहा था लेकिन उन अनुमानों को पीछे छोड़ बीजेपी एकतरफा जीत की ओर बढ़ रही है. बीजेपी राज्य में 52 सीटें जीत चुकी है और 152 सीटों पर आगे है. जबकि टीएमसी को अभी तक 21 सीटें मिली हैं और 62 सीटों पर आगे है. कुलमिलाकर बीजेपी 294 सीटों वाली विधानसभा में 200 से अधिक सीटें जीतती हुई दिख रही है.

असम में भी बीजेपी को बंपर जीत हासिल हुई है. पार्टी 126 सीटों वाली विधानसभा में 80 से अधिक सीटें जीतने की ओर बढ़ रही है. कांग्रेस वहां 20 से कम सीटों पर सिमटती दिख रही है. कांग्रेस को केरल में सफलता मिली है, जहां उसका यूडीएफ गठबंधन 140 में से 85 सीटें अपने नाम कर चुका है. वहीं, पुडुचेरी में एनडीए गठबंधन की वापसी का रास्ता साफ हो गया है.

अमेरिका ने होर्मुज में अपने जहाज पर ईरानी हमले के दावे को किया खारिज

ईरान की समाचार एजेंसी फार्स का दावा है कि सोमवार को ईरानी सेना ने अमेरिकी नौसेना के फ्रिगेट को निशाना बनाया. हालांकि, अमेरिकी सेना ने तुरंत ही इस दावे से इनकार किया. फार्स एजेंसी की रिपोर्ट अमेरिकी राष्ट्रपति के उस बयान के बाद आयी है जिसमें उन्होंने होर्मुज से जहाजों को सुरक्षित निकलवाने के अभियान की घोषणा की थी.

फार्स की रिपोर्ट में कहा गया है, "ईरानी नौसेना की चेतावनी की अनदेखी करके नौवहन और समुद्री सुरक्षा के नियमों का उल्लंघन करने वाले फ्रिगेट को मिसाइल हमले का निशाना बनाया गया है." फार्स ने इस खबर के स्रोत की कोई जानकारी नहीं दी है. फार्स ने यह भी कहा है कि निशाना बना अमेरिकी फ्रिगेट अपनी यात्रा पूरी करने में सक्षम नहीं था और वह वापस मुड़ कर इलाके से भाग गया."

किसी और सूत्र से भी इस मिसाइल हमले की पुष्टि नहीं हुई है. उधर अमेरिकी सेना के सेंट्रल कमांड ने सोशल प्लेटफॉर्म एक्स पर इस दावे को खारिज किया है. इसमें लिखा गया है, "अमेरिकी नौसेना के किसी जहाज पर हमला नहीं हुआ है."

जास्क दक्षिणी ईरान में खाड़ी के तट पर है जो संकरे जडलमरूमध्य से करीब 200 किलोमीटर की दूरी पर है. यह ईरान से अरबियन प्रायद्वीप को अलग करता है. ईरान ने चेतावनी दी है कि जलडमरूमध्य की तरफ अगर अमेरिकी सेना बढ़ती है तो उसे निशाना बनाया जाएगा. ईरान युद्ध शुरू होने के बाद से गिने चुने जहाज ही होर्मुज के रास्ते से गुजरे हैं.

केरल में बीजेपी ने पहली बार एक से ज्यादा सीटों पर जीत दर्ज की

4 मई को घोषित हुए चुनाव परिणामों में कांग्रेस को अच्छी खबर सिर्फ केरल से सुनने को मिली है, जहां उसके नेतृत्व वाला यूडीएफ गठबंधन जीत दर्ज करता दिख रहा है. 140 सीटों वाली विधानसभा में यूडीएफ गठबंधन 80 सीटें जीत चुका है और पांच सीटों पर आगे चल रहा है. वहीं, वामदल 32 सीटें जीत चुके हैं और दो पर आगे चल रहे हैं.

कांग्रेस की इस जीत के बावजूद बीजेपी राज्य में अपने प्रदर्शन से खुश है. इंडियन एक्सप्रेस की खबर के मुताबिक, ऐसा इसलिए है क्योंकि बीजेपी ने राज्य में पहली बार एक से ज्यादा सीटें जीती हैं. इस बार के चुनावों में बीजेपी ने तीन सीटें जीती हैं. केंद्रीय मंत्री वी मुरलीधरन, पूर्व केंद्रीय मंत्री राजीव चंद्रशेखर और बीबी गोपकुमार ने जीत दर्ज की है. इससे पहले बीजेपी ने केरल में साल 2016 में एक सीट जीती थी.

जमानत के लिए थाना साफ करने की शर्त, सुप्रीम कोर्ट ने लगाई फटकार

सुप्रीम कोर्ट ने सोमवार को ओडिशा की उन अदालतों को कड़ी फटकार लगाई, जिन्होंने दलित और आदिवासी समुदाय से आने वाले आरोपियों को जमानत देने के लिए दो महीने तक पुलिस थाना साफ करने की शर्त रखी थी. कानूनी खबरों की वेबसाइट ‘लाइव लॉ’ के मुताबिक, सुप्रीम कोर्ट ने इस शर्त को “घृणित” करार देते हुए कहा कि यह जातिगत पूर्वाग्रह को दर्शाती है.

सुप्रीम कोर्ट ने पुलिस स्टेशन की सफाई से जुड़ी जमानत शर्तों को रद्द घोषित कर दिया और निर्देश दिया कि भविष्य में भी किसी आदेश में जमानत की ऐसी शर्त नहीं लगाई जानी चाहिए. सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि ऐसी दुर्भाग्यपूर्ण शर्तें ऐसा आभास कराती हैं कि राज्य की न्यायपालिका में जातिगत पूर्वाग्रह है.

लाइव लॉ के मुताबिक, ऐसा एक आदेश ओडिशा हाईकोर्ट ने पास किया था और रायगडा की एडिशनल सेशन कोर्ट ने भी ऐसे आदेश जारी किए थे. देश की कानून प्रणाली के बारे में रिपोर्ट करने वाली वेबसाइट ‘आर्टिकल 14’ की एक रिपोर्ट के मुताबिक, ऐसे आदेश ओडिशा में हुए खनन-विरोधी प्रदर्शनों से जुड़े मामलों में दिए गए थे और दलित और आदिवासी समुदाय से आने वाले लोगों पर जमानत के लिए पुलिस स्टेशन की सफाई करने की शर्त लगाई गई थी.

50 साल बाद किसी भी भारतीय राज्य में नहीं होगी वामदल की सरकार

भारत में वामदलों का आखिरी बचा गढ़ केरल भी उनके हाथों से फिसल रहा है. राज्य में कांग्रेस के नेतृत्व वाला यूडीएफ गठबंधन 10 साल बाद सत्ता में वापसी करता दिख रहा है. केरल में कांग्रेस पार्टी 36 सीटें जीत चुकी है और 27 सीटों पर आगे चल रही है. वहीं, उसकी सहयोगी पार्टी इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग आठ सीटें जीत चुकी है और 14 सीटों पर आगे चल रही है. दूसरी तरफ वामदलों ने 23 सीटें जीती हैं और 11 सीटों पर बढ़त हासिल की है. राज्य में बहुमत का आंकड़ा 71 है.

न्यूज एजेंसी आईएएनएस के मुताबिक, केरल में लेफ्ट डेमोक्रेटिक फ्रंट के सत्ता से बाहर होने की स्थिति में, 1970 के दशक के बाद यह पहला मौका होगा, जब किसी भी भारतीय राज्य में कोई वामदल सत्ता में नहीं होगा. 1977 में पश्चिम बंगाल में सीपीआई-एम की सरकार बनी थी, जो साल 2011 तक बरकरार रही. उसके बाद राज्य में टीएमसी की सरकार बनी.

इसके अलावा, साल 1998 से लेकर 2018 तक त्रिपुरा में भी लेफ्ट फ्रंट की सरकार रही. 2018 में यह राज्य बीजेपी के पास चला गया. केरल में साल 2016 से लेकर 2026 तक दो बार लेफ्ट फ्रंट की सरकार बनी लेकिन अब कांग्रेस के उम्दा प्रदर्शन के बाद लेफ्ट फ्रंट की सत्ता में वापसी बेहद मुश्किल है. ऐसे में अब संभव है कि किसी भी भारतीय राज्य में वामपंथी दलों की सरकार नहीं होगी.

संदिग्ध हंटावायरस की चपेट में आ कर क्रूज शिप पर तीन लोगों की मौत

अटलांटिक में एक क्रूज शिप पर सवार तीन लोगों की संदिग्ध हंटावायरस की चपेट में आने से मौत हो गई है जबकि तीन और लोग संक्रमित हैं. रविवार को विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) ने यह जानकारी दी. डब्ल्यूएचओ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर बताया है कि एक मरीज की दक्षिण कोरिया के एक अस्पताल की इंटेंसिव केयर में भर्ती किया गया है.

नीदरलैंड्स के विदेश मंत्रालय के मुताबिक मरने वालों में दो लोग डच नागरिक हैं. तीसरा आदमी जर्मनी का नागरिक है. क्रूज का परिचालन करने वाली डच ऑपरेटर ओशेनवाइड एक्सपीडिशंस का कहना है कि घायलों में दो लोग क्रू सदस्य हैं.

हंटावायरस की वजह से इंसानों बुखार और सांस से जुड़ी दिक्कतें होती हैं. संक्रमण पेशाब, लार की बूंदें और संक्रमित चूहों के संपर्क में आने से होता है. इंसान से इंसान तक इस वायरस के फैलने के मामले दुर्लभ हैं. अब तक एक मामले की ही प्रयोगशाला में पुष्टि हुई है जबकि शेष मामलों को संदिग्ध कहा जा रहा है. सभी यात्रियों और क्रू सदस्यों को मेडिकल सहायता देने के साथ ही उनके सेहत और स्वास्थ्य पर नजर रखी जा रही है.

जिस जहाज पर यह मामला सामने आया है उसकी क्षमता 170 यात्रियों की थी और क्रू के 70 सदस्य थे. ट्रैकिंग डेटा से पता चला है कि यह जहाज दक्षिणी अर्जेंटीना से रहवाना हुआ था और केप वर्दे के पास इसे देखा गया था.

ट्रांसजेंडर अमेंडमेंट एक्ट पर रोक लगाने से सुप्रीम कोर्ट का इनकार

सुप्रीम कोर्ट ने सोमवार, 4 मई को ट्रांसजेंडर व्यक्ति (अधिकारों का संरक्षण) संशोधन एक्ट, 2026 को चुनौती देने वाली याचिकाओं पर राज्यों और केंद्र की सरकार से जवाब मांगा है. मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत और जस्टिस जॉयमाल्या बागची की बेंच ने यह भी स्पष्ट किया कि वे इस कानून के लागू होने पर रोक लगाने के पक्ष में नहीं हैं. उन्होंने कहा कि सुप्रीम कोर्ट की तीन जजों की बेंच इस मामले पर सुनवाई करेगी.

इस संशोधित कानून के चलते ट्रांसजेंडर व्यक्तियों की पहचान, अधिकार और संरक्षण को नियंत्रित करने वाले कानूनी ढांचे में व्यापक बदलाव हुए हैं. इस कानून को 31 मार्च, 2026 को राष्ट्रपति की मंजूरी मिली थी. एलजीबीटीक्यू प्लस समुदाय का प्रतिनिधित्व करने वाले समूहों ने इस संशोधित कानून का कड़ा विरोध किया है. उनका कहना है कि पुराने कानून में बदलाव करने से पहले उनसे सलाह-मशविरा नहीं किया गया.

कानूनी खबरों की वेबसाइट बार एंड बेंच के मुताबिक, सुप्रीम कोर्ट द्वारा गठित की गई एक समिति ने भी केंद्र सरकार से इस बिल को वापस लेने की मांग की थी. ट्रांस समुदाय का प्रतिनिधित्व करने वाले संगठनों का कहना है कि यह बिल ट्रांसजेंडर व्यक्ति की परिभाषा को सीमित करने, लैंगिक पहचान की प्रक्रिया में बदलाव और उन्हें अपराधी घोषित करने के लिए कड़े प्रावधान लागू करता है.

ईरान में सरकार विरोधी प्रदर्शनों में शामिल होने के आरोप में तीन लोगों को फांसी

ईरान में सरकार विरोधी प्रदर्शनों में शामिल होने के आरोपों में तीन लोगों को फांसी की सजा दी गई है. अधिकारियों ने सोमवार को इसकी जानकारी दी. दिसंबर, 2025 में शुरु हुए महंगाई के खिलाफ प्रदर्शनों ने पूरे देश को हिला कर रख दिया था. 28 फरवरी, 2026 को इस्राएल और अमेरिका के हमले से ईरान युद्ध शुरू होने के बाद प्रदर्शनों में शामिल लोगों की गिरफ्तारी और फांसी देने की कार्रवाई तेज हो गई है.

ईरान की न्यायपालिका की वेबसाइट मिजान ऑनलाइन पर जानकारी दी गई है, " मोसाद एजेंट मेहदी रसौली और मोहम्मद रेजा मिरी जो व्यापक हिंसा और सुरक्षा बलों के एक सदस्य की मौत के लिए जिम्मेदार थे, उन्हें फांसी दी गई है."

मिजान में इब्राहिम दौलताबादी को फांसी देने की भी जानकारी दी गई है. दौलताबादी को "माशाद में दंगा भड़काने वाले प्रमुख लोगों" में एक बताया है गया है जिसमें "सुरक्षा बलों के कई सदस्यों की जान गई." मिजान के मुताबिक तीन लोगों की सजा की सुप्रीम कोर्ट में पुष्टि के बाद उन्हें फांसी दी गई है.

सबसे अधिक फांसी की सजा देने वाले देशों में चीन के बाद दूसरे नंबर पर ईरान है. अधिकार समूहों के मुताबिक, पिछले साल कम से कम 1,500 लोगों को फांसी दी गई थी. ये आंकड़े नॉर्वे के ईरान ह्यूमन राइट्स के हैं.

यूरोपीय नेताओं ने अमेरिका का संदेश सुन लिया हैः नाटो प्रमुख

नाटो के प्रमुख मार्क रुते ने कहा है कि यूरोपीय नेताओं ने अमेरिकी राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप की ईरान युद्ध से उपजी निराशा को "सुन लिया" है. रुते का यह बयानजर्मनी से 5,000 सैनिक वापस बुलाने के फैसले पर आया है. रुते का कहना है, "यूरोपीय नेताओं को संदेश मिल गया है. उन्होंन संदेश को तेज और साफ सुना है." अर्मेनिया में यूरोपीय नेताओं से बातचीत के पहले उन्होंने स्वीकार किया कि युद्ध में यूरोपीय सहयोगियों के शामिल नहीं होने से "अमेरिकी पक्ष को निराशा" हुई है.

इसके साथ ही रुते ने जोर देकर कहा, "यूरोपीय आगे बढ़ रहे हैं." रुते का कहना है, "हमने देखा कि सभी देश अब द्विपक्षीय समझौतों में हिस्सा ले रहे हैं और यह सुनिश्चित कर रहे हैं कि अनुरोधों की जब बात हो तो वे तरह का सहयोग दें."

डॉनल्ड ट्रंप ने जर्मनी से 5,000 सैनिकों को वापस बुलाने की घोषणा की है. इसके साथ ही इटली और स्पेन से भी सैनिकों को वापस बुलाना चाहते हैं. ईरान युद्ध में यूरोपीय देशों का सहयोग नहीं मिलने से ट्रंप थोड़े "निराश" हैं. जर्मन चांसलर फ्रीडरिष मैर्त्स ने बीते हफ्ते ट्रंप के ईरान युद्ध से जुड़े फैसलों की आलोचना भी की थी.

जर्मनी में सीमा नियंत्रण को जारी रखना चाहते हैं गृह मंत्री

जर्मनी के गृह मंत्री आलेक्जांडर डोबरिंत सीमा नियंत्रण को जारी रखने की योजना बना रहे हैं. जर्मनी में शरण मांगने वालों की संख्या में कमी आई है, इसके बावजूद सीमा पर नियंत्रण जारी रखने की बात हो रही है. चांसलर फ्रीडरिष मैर्त्स के नेतृत्व वाले रुढ़िवादी दल के नेता डोबरिंत ने रविवार को सरकारी रेडियो एआरडी से कहा, "फिलहाल हमारा ध्यान इन सीमा नियंत्रणों को बनाए रखने पर है." उन्होंने कहा कि लोगों को अब भी सीमा पर से लौटाया जा रहा है.

कोर्ट के फैसले को ठेंगा दिखाते शेंगन देश

मई 2025 में जर्मन गृह मंत्री ने जर्मनी की सभी जमीनी सीमाओं पर नियंत्रण बढ़ाया था. उन्होंने संघीय पुलिस को यह भी निर्देश दिए कि शरण मांगने की नीयत से आ रहे लोगों को लौटाया जाए. हालांकि, इसमें बीमार, गर्भवती या किसी और विशेष स्थिति की वजह से जरूरतमंद लोगों को छूट दी गई थी.

इस साल अप्रैल में पहली बार शरण मांगने वाले लोगों के आवेदन में कमी देखी गई है. गृह मंत्रालय के आप्रवासन और शरणार्थी विभाग को पिछले महीने 6,144 आवेदन शरण के लिए मिले हैं यह अप्रैल 2025 के बाद से तीसरी सबसे कम संख्या है. यह संख्या पहली बार शरण मांगने वाले लोगों की है जो अप्रैल, 2025 में 9,108 थी. जर्मन सरकार ने अपराधियों को अफगानिस्तान भेजने की प्रक्रिया भी जारी रखने की योजना बनाई है. डोबरिंत का कहना है कि इस तरह के प्रत्यर्पण हर हफ्ते हो रहे थे.

पश्चिम बंगाल: टीएमसी के मुकाबले बीजेपी दोगुनी सीटों पर आगे

पश्चिम बंगाल में करीब 15 साल बाद सत्ता परिवर्तन होता दिख रहा है. राज्य में विधानसभा की कुल 294 सीटें हैं. चुनाव आयोग की ऐप पर उपलब्ध नतीजों के मुताबिक, 188 सीटों पर भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) आगे चल रही है. वहीं, तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) 94 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है. यानी टीएमसी के मुकाबले बीजेपी लगभग दोगुनी सीटों पर आगे चल रही है.

तमिलनाडु में अभिनेता से नेता बने विजय की पार्टी बहुमत के करीब जाती हुई दिख रही है. राज्य में विधानसभा की कुल 234 सीटें हैं, जिनमें से 110 सीटों पर विजय की तमिलागा वेत्री कझगम (टीवीके) आगे चल रही है. इसके अलावा, एआईएडीएमके 56, डीएमके 49 और कांग्रेस पार्टी चार सीटों पर आगे चल रही हैं. राज्य में बीजेपी सिर्फ एक सीट पर आगे है.

असम में बीजेपी लगातार तीसरी बार सत्ता में वापसी की ओर जाती दिख रही है. राज्य की 126 सीटों में से बीजेपी 79 सीटों पर आगे चल रही है. वहीं, कांग्रेस सिर्फ 24 सीटों पर बढ़त में है. केरल में कांग्रेस के नेतृत्व वाला यूडीएफ गठबंधन 10 साल बाद सत्ता में वापसी करता नजर आ रहा है. यूडीएफ गठबंधन राज्य की 140 सीटों में से 85 सीटों पर आगे चल रहा है. वहीं, पुडुचेरी में एनडीए गठबंधन की वापसी दिख रही है.

बिहार में विक्रमशिला पुल का बड़ा हिस्सा गंगा नदी में गिरा

बिहार में भागलपुर जिले को सीमांचल क्षेत्र से जोड़ने वाले विक्रमशिला सेतु का एक बड़ा हिस्सा रविवार रात को गंगा नदी में गिर गया. न्यूज एजेंसी एएनआई ने स्थानीय रिपोर्टों के हवाले से बताया है कि रविवार शाम को पहले 10 इंच का एक एक्सपेंशन जॉइंट धंसा और रात में पुल का एक हिस्सा टूटकर नीचे गंगा नदी में गिर गया. गंगा नदी पर बना यह पुल सीमांचल और पूर्वाचंल को जोड़ता है.

इस हादसे में किसी के भी हताहत होने की खबर नहीं है. भागलपुर के कलेक्टर नवल किशोर चौधरी ने रिपोर्टरों से कहा कि पुलिस-प्रशासन ने पुल के टूटने से पहले ही लोगों को वहां से हटा दिया था और नदी में गिरने वाले हिस्से पर कोई गाड़ी नहीं थी. उन्होंने बताया कि हादसे के बाद पुल को दोनों ओर से बंद कर दिया गया है.

एएनआई के मुताबिक, अनुमान है कि इस पुल से हर रोज करीब 30,000 गाड़ियां गुजरती हैं. यहपुल भागलपुर को आसपास के 16 जिलों से जोड़ता है. पुल तत्कालीन मुख्यमंत्री राबड़ी देवी के कार्यकाल में बना था और हाल ही में इसकी सुरक्षा को लेकर सवाल भी उठे थे. हालांकि, प्रशासन ने पुल में किसी भी कमी की बात को खारिज कर दिया था. बिहार में इससे पहले भी पुलों के टूटने के कई मामले सामने आ चुके हैं.

शुरुआती रुझानों में ममता बनर्जी और पी विजयन आगे, एमके स्टालिन पिछड़े

चार राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश में हुए विधानसभा चुनावों में कई बड़े नेताओं की प्रतिष्ठा भी दांव पर लगी है. चुनाव आयोग के आधिकारिक रुझानों के मुताबिक, पांच दौर की मतगणना के बाद पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी भबानीपुर सीट पर करीब 17,000 वोटों से आगे चल रही हैं. बीजेपी नेता शुवेंदु अधिकारी उनसे पिछड़ते दिख रहे हैं. शुवेंदु अधिकारी ने नंदीग्राम सीट से भी चुनाव लड़ा है, वहां वे करीब 2200 वोटों से आगे चल रहे हैं.

तमिलनाडु में पेरंबूर सीट पर अभिनेता विजय करीब 11,000 वोटों से आगे चल रहे हैं. कोलत्तूर सीट पर छह दौर की मतगणना के बाद राज्य के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन करीब 8,000 वोटों से पीछे चल रहे हैं. चेपॉक सीट पर उदयनिधि स्टालिन करीब 2000 वोटों से आगे चल रहे हैं. उन्हें टीवीके के सेल्वम डी से कड़ी टक्कर मिल रही है. एडप्पाडी सीट पर एआईएडीएमके नेता एडप्पाडी पलानीस्वामी करीब 46,000 वोटों से आगे चल रहे हैं.

असम में जलुकबारी सीट पर राज्य के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा करीब 36,000 वोटों से आगे चल रहे हैं. जोरहाट सीट पर कांग्रेस नेता गौरव गोगोई करीब 20,000 वोटों से पीछे चल रहे हैं. दिसपुर सीट पर कांग्रेस से बीजेपी में आए प्रद्युत बोरदोलोई करीब 35,000 वोटों से आगे चल रहे हैं. केरल के मुख्यमंत्री पी विजयन धर्मदम सीट पर करीब 2900 वोटों से आगे चल रहे हैं.

होर्मुज में फंसे जहाजों को बाहर निकलवाएगी अमेरिकी सेना

अमेरिकी राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप ने कहा है कि होर्मुज जलडमरूमध्य में फंसे जहाजों को निकालने के लिए अमेरिकी सेना विशेष अभियान चलाएगी. दूसरी तरफ ईरान ने सोमवार को चेतावनी दी कि होर्मुज जलडमरूमध्य में किसी तरह की दखल की कार्रवाई को मध्यपूर्व के "संघर्षविराम का उल्लंघन" माना जाएगा.

डॉनल्ड ट्रंप ने इसे "प्रोजेक्ट फ्रीडम" नाम दिया है और फंसे जहाजों के क्रू के लिए इसे "मानवीय" कदम कहा है. ईरान युद्ध शुरू होने के बाद होर्मुज जलडमरूमध्य के बंद होने से सैकड़ों जहाज बीच में फंसे हुए हैं और उन्हें भोजन और दूसरी जरूरी चीज की सप्लाई बाधित है. रविवार को डॉनल्ड ट्रंप ने कहा, "हम इन जहाजों और क्रू को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए पूरी कोशिश करेंगे. ये जहाज वहां तब तक वापस नहीं आएंगे जब तक कि यह इलाका नौवहन के लिए सुरक्षित नहीं हो जाता."

इससे पहले अमेरिका ने शिपिंग कंपनियों को चेतावनी दी थी कि वे होर्मुज से गुजरने के लिए पैसा ना दें.

अमेरिकी सेना के सेंट्रल कमांड ने कहा है कि वह गाइडेड मिसाइल डेस्ट्रॉयर, 100 से ज्यादा एयरक्राफ्ट और मानवरहित प्लेटफॉर्म और 15,000 सैनिकों का उपयोग होर्मुज से जहाजों को निकलवाने में करेगी. सोशल प्लेटफॉर्म ट्रुथ पर डाले पोस्ट में डॉनल्ड ट्रंप ने कहा है कि यह अभियान सोमवार से शुरू हो जाएगा. दोनों देशों के बीच बातचीत रुकी हुई है, हालांकि संघर्षविराम जारी है.

ट्रंप के एलान पर जवाब में ईरानी संसद के राष्ट्रीय सुरक्षा आयोग के प्रमुख ने कहा है, "होर्मुज जलडमरूमध्य के नए समुद्री प्रशासन में किसी तरह की दखल को संघर्षविराम का उल्लंघन माना जाएगा." होर्मुज का रास्ता रोक कर ईरान ने दुनिया की अर्थव्यवस्था में तेल, गैस और उर्वरक की सप्लाई का एक प्रमुख रास्ता बंद कर दिया है. दूसरी तरफ अमेरिका ने ईरान के बंदरगाहों की नाकाबंदी कर दी है. 29 अप्रैल तक वहां करीब 900 जहाज फंसे हुए थे.