देश की खबरें | भालू के हमले में दो ग्रामीणों की मौत, तीन घायल
एनडीआरएफ/प्रतीकात्मक तस्वीर (Photo Credits: ANI)

शहडोल, (मप्र) सात अगस्त शहडोल जिला मुख्यालय से लगभग 80 किलोमीटर दूर गोदवाल के जंगल में एक भालू के हमले में दो ग्रामीणों की मौत हो गयी जबकि तीन अन्य जख्मी हो गये । घायलों को उपचार के लिये अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वन अधिकारी ने इसकी जानकारी दी ।

शहडोल के मुख्य वन संरक्षक पी के वर्मा ने बताया कि वन परिक्षेत्र गोदावल में बृहस्पतिवार की दोपहर एक मादा भालू और उसके बच्चे विचरण कर रहे थे और उसी समय जंगल में कुछ ग्रामीण भी मौजूद थे। ग्रामीणों को देखते ही भालू ने ग्रामीणों पर हमला कर दिया जिसमें बल्लू सिंह (20) और जगत देव सिंह (22) की मौके पर ही मौत हो गई।

यह भी पढ़े | Idukki Landslide in Kerala: केरल के इडुक्की में भूस्खलन से तबाही, अब तक 15 की मौत, राज्य सरकार देगी 5 लाख का मुआवजा.

उन्होंने बताया कि इसके अलावा तीन ग्रामीण गंभीर रुप से घायल हो गये जिन्हें उपचार के लिए ब्यौहारी के अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

वर्मा ने बताया कि भालू के हमले के बाद ग्रामीण आक्रोशित हो गए और भालू को क्षेत्र से बाहर निकालने तक मृतकों का अंतिम संस्कार नहीं करने की जिद कर रहे थे।

यह भी पढ़े | कोरोना के जम्मू-कश्मीर में 473 नए मामले सामने आए: 7 अगस्त 2020 की बड़ी खबरें और मुख्य समाचार LIVE.

उन्होंने बताया कि समझाने के बाद ग्रामीण शांत हो गए और मृतकों के शव अपने साथ ले गए।

वन संरक्षक ने बताया कि भालू को उस स्थान से हटाने के लिए संजय गांधी उद्यान, सीधी और बांधवगढ़ नेशनल पार्क, उमरिया की रेस्क्यू टीम शुक्रवार को मौके पर पहुंची है और भालू की तलाश कर रही है। उन्होंने बताया कि फिलहाल भालू का पता नहीं लग सका है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)