देश की खबरें | अनैतिक आचरण व अपराधों में लिप्त दो पुलिसकर्मी सेवा से बर्खास्त

राजस्थान के पुलिस महानिदेशक (खुफिया) उमेश मिश्रा ने बताया कि अनैतिक आचरण व अपराधों में लिप्त राज्य पुलिस की विशेष शाखा के दो पुलिसकर्मियों कांस्टेबल मोतीलाल व्यास और हेडकांस्टेबल प्रवीण गोदारा उर्फ प्रवीण बिश्नोई को राज्य सेवा से बर्खास्त कर दिया गया है।

उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मियों के विरुद्ध गंभीर प्रकृति के मुकदमे दर्ज होना पुलिस विभाग जैसे अनुशासित बल की स्वच्छ छवि के विपरीत है। राज्य विशेष शाखा जैसी संवेदनशील शाखा की छवि धूमिल करने के आरोप में राजस्थान सिविल सेवा नियम 1958 के नियम 19 (2) के तहत लोकहित में दोनों पुलिसकर्मियों को राज्य सेवा से तुरंत प्रभाव से बर्खास्त किया गया है।

एक बयान के अनुसार, राज्य विशेष शाखा के हेड कांस्टेबल प्रवीण गोदारा के खिलाफ थाना कोतवाली श्रीगंगानगर में 15 अक्टूबर 2019 को एक आपराधिक मुकदमा दर्ज हुआ। जिसमें आरोप प्रमाणित पाए जाने पर 9 दिसंबर 2019 को उन्हें गिरफ्तार किया गया।

वहीं 10 दिसंबर 2019 को महिला पुलिसकर्मी को अश्लील मैसेज व धमकी भरे चैट भेजे जाने का मुकदमा दर्ज हुआ। जिसमे कोर्ट में चालान पेश हुआ। इसके बाद महिला पुलिसकर्मी के रिश्तेदारों को धमकियां देने के आरोप लगे। आरोपी पुलिसकर्मी को निलंबित कर दिया गया।

वहीं राज्य विशेष शाखा के ही कांस्टेबल मोतीलाल व्यास को बेरोजगार युवाओं को सरकारी नौकरी लगाने का झांसा देने एवं घरेलू कार्यों के लिए लोगों को गुमराह कर रुपए हड़पने के मामले में सेवा से बर्खास्त किया गया है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)