मुंबई, 18 जुलाई देश भर में टमाटर की कीमतों में वृद्धि के बीच नवी मुंबई के कृषि उत्पाद बाजार समिति (एपीएमसी) के बाजार में दो मजदूर 90 किलोग्राम टमाटर चुराने की कथित तौर पर कोशिश करते पकड़े गए। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
एक अधिकारी ने बताया कि यह घटना 14 जुलाई को वाशी स्थित एपीएमसी बाजार में हुई।
उन्होंने कहा कि बाजार के सुरक्षाकर्मियों ने देर रात दो बजे के आसपास दो मजदूरों को 90 किलोग्राम टमाटर से भरे टोकरे ले जाते देखा।
अधिकारी के मुताबिक, सुरक्षाकर्मियों ने दोनों मजदूरों को रोका और उनसे टमाटर के टोकरे के बारे में सवाल किया।
उन्होंने बताया कि सवालों के संतोषजनक जवाब न मिलने पर सुरक्षाकर्मी दोनों मजदूरों को एपीएमसी पुलिस थाने ले गए।
अधिकारी के अनुसार, टमाटर भंडार के मालिक ने दोनों मजदूरों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराने से इनकार कर दिया, जिसके बाद उन्हें घर जाने दिया गया।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY