देश की खबरें | निर्माणाधीन मकान का छज्जा गिरने से दो की मौत, तीन घायल

जयपुर, 22 दिसंबर राजस्थान के श्रीगंगानगर जिले के सदर थाना क्षेत्र में बृहस्पतिवार शाम को एक निर्माणाधीन मकान का छज्जा गिरने से दो लोगों की मौत हो गई जबकि तीन अन्य लोग घायल हो गये। पुलिस ने इसकी जानकारी दी।

थानाधिकारी कुलदीप चारण ने बताया कि हनुमानगढ़ रोड पर एक निर्माणाधीन मकान का छज्जा गिर जाने से पवन (42) और ओमजी (50) की मौत हो गयी जबकि बाबू, शिव प्रकाश और विक्रम घायल हो गये।

उन्होंने बताया कि पांच लोग छज्जे पर खडे़ थे कि अचानक इसके टूट जाने से इस पर मौजूद सभी लोग गिर गये जिसमें दो लोगों की मौत हो गयी जबकि तीन अन्य घायल हो गये।

उन्होंने बताया कि घायलों को उपचार के लिये राजकीय अस्पताल में भर्ती करवाया गया है और शवों को पोस्टमार्टम के लिये अस्पताल के मुर्दाघर में रखवाया गया है।

चारण ने बताया कि शुक्रवार सुबह सबका पोस्टमार्टम करवाया जायेगा।

उन्होंने बताया कि इस संबंध में मकान मालिक और ठेकेदार के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 304 (ए) (लापरवाही से कार्य करके मृत्यु)के तहत मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)