देश की खबरें | कोविड महामारी के कारण बंद किए गए त्रिपुरा सीमा पर दो हाट जल्द फिर खुलेंगे

अगरतला, 23 दिसंबर बांग्लादेश से कारोबार के लिए त्रिपुरा के दो सीमा हाट ‘बहुत जल्द’ फिर से खोल दिए जाएंगे। एक वरिष्ठ अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

अप्रैल 2020 में त्रिपुरा में कोविड-19 महामारी की दस्तक के बाद दोनों सीमा हाट बंद कर दिए गए थे। दक्षिण त्रिपुरा के श्रीनगर और सिपाहीजला के कमलासागर में स्थित इन दोनों हाट के बंद होने से बांग्लादेश से द्विपक्षीय कारोबार रुक गया था।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राज्यसभा सदस्य और राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री बिप्लव देब ने हाल ही में संसद में यह मुद्दा उठाया था और केंद्र से दोनों हाट को जल्द से जल्द खोलने का आग्रह किया था।

देब ने धलाई जिले के कमलपुर और उत्तर त्रिपुरा जिले के रागना में दो प्रस्तावित सीमा हाट स्थापित करने के काम में तेजी लाने का भी अनुरोध किया था।

उद्योग एवं वाणिज्य निदेशक विश्वश्री बी ने कहा, “सीमा हाट को खोलने के लिए हम केंद्रीय उद्योग मंत्रालय के संपर्क में हैं। श्रीनगर और कमलासागर हाट को बहुत जल्द खोल दिया जाएगा।”

विश्वश्री ने कहा कि बांग्लादेश से द्विपक्षीय कारोबार बहाल करने के लिए राज्य सरकार लंबे समय से सीमा हाट को खोलने का प्रयास कर रही थी, लेकिन इसमें किन्हीं कारणों से देरी हुई। उन्होंने उम्मीद जताई कि सीमा हाट इस मरीने के अंत तक खुल जाएंगे।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)