देश की खबरें | ओडिशा में दो भाजपा विधायकों पर नियमों का उल्लंघन करने का मामला दर्ज
एनडीआरएफ/प्रतीकात्मक तस्वीर (Photo Credits: ANI)

संबलपुर (ओडिशा), 30 जुलाई ओडिशा में भाजपा के दो विधायकों पर अपने समर्थकों के साथ संबलपुर में जिलाधिकारी कार्यालय में जबरन घुसने और कोविड-19 के दिशानिर्देशों का उल्लंघन करने का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

संबलपुर के विधायक जयनारायण मिश्रा, रेंगली के विधायक नौरी नायक और उनके समर्थकों ने मंगलवार को कथित तौर पर जिलाधिकारी कार्यालय में तैनात पुलिसकर्मियों के साथ कहासुनी की।

यह भी पढ़े | सोनिया गांधी दिल्ली के सर गंगा राम अस्पताल में रूटीन चेकअप के लिए भर्ती: 30 जुलाई 2020 की बड़ी खबरें और मुख्य समाचार LIVE.

घटना के बाद पुलिस ने मिश्रा, नायक और उनके समर्थकों के खिलाफ आईपीसी, अपराध विधि संशोधन कानून, महामारी अधिनियम और आपदा प्रबंधन अधिनियम के विभिन्न प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया। एक पुलिस अधिकारी ने यह जानकारी दी।

दोनों विधायकों के नेतृत्व में भाजपा के अनेक कार्यकर्ता जिले में कोरोना वायरस संक्रमित लोगों के लिए स्वास्थ्य सुविधाओं से संबंधित मुद्दों पर ज्ञापन सौंपने के लिए यहां जुलूस के रूप में जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे थे।

यह भी पढ़े | मोदी सरकार ट्रिपल तलाक कानून की पहली वर्षगांठ पर मनाएगी 'मुस्लिम महिला अधिकार दिवस'.

अधिकारी ने कहा कि पुलिस ने उन्हें रोका और कोविड-19 के दिशानिर्देशों का पालन करने को कहा।

जब पुलिसकर्मियों ने भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं को रोकने का प्रयास किया तो उन्होंने पुलिस वालों के साथ कथित तौर पर धक्का-मुक्की की।

बीजद सरकार पर निशाना साधते हुए मिश्रा ने कहा कि अगर एक लोकतांत्रिक देश में किसी विधायक को कलेक्टर कार्यालय में नहीं घुसने दिया जाता तो कल्पना की जा सकती है कि राज्य में प्रशासन किस तरह काम कर रहा है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)