Kuwait Fighter Jet Crash Video: मिडिल ईस्ट में बढ़ते सैन्य तनाव के बीच सोमवार, 2 मार्च 2026 को कुवैत से एक बड़ी खबर सामने आई है. पश्चिमी कुवैत के हवाई क्षेत्र में अमेरिकी वायुसेना (USAF) का एक एफ-15ई 'स्ट्राइक ईगल' (F-15E Strike Eagle) फाइटर जेट दुर्घटनाग्रस्त हो गया है. शुरुआती रिपोर्टों के अनुसार, विमान में तकनीकी खराबी या किसी अन्य कारण से आग लग गई थी, जिसके बाद वह अनियंत्रित होकर जमीन पर गिर गया. गनीमत यह रही कि विमान के टकराने से ठीक पहले पायलट सुरक्षित रूप से बाहर निकलने (Eject) में सफल रहा.
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
घटना के कुछ ही देर बाद एक्स (X) और अन्य प्लेटफॉर्म्स पर कई वीडियो वायरल होने लगे. वायरल क्लिप में एक लड़ाकू विमान को धुएं की लकीर छोड़ते हुए तेजी से नीचे गिरते देखा जा सकता है. एक अन्य वीडियो में पायलट को पैराशूट के जरिए सुरक्षित उतरते हुए दिखाया गया है. स्थानीय सूत्रों के अनुसार, कुवैती नागरिकों ने पायलट को जमीन पर उतरने के बाद प्राथमिक सहायता पहुंचाई. यह भी पढ़े: Israel-Iran War: इजरायल और ईरान के बढ़ते तनाव के बीच भारत ने नागरिकों के लिए जारी किया एडवायजरी, सतर्क रहने की सलाह
देखें वीडियो
At least one pilot ejected before the crash https://t.co/ahGFAZXA2u pic.twitter.com/8bTAlrO685
— BNO News Live (@BNODesk) March 2, 2026
क्या यह 'फ्रेंडली फायर' की घटना है?
हालांकि अमेरिकी सेंट्रल कमांड (CENTCOM) या पेंटागन की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है, लेकिन कुछ रक्षा विशेषज्ञों और मीडिया रिपोर्ट्स में यह अंदेशा जताया जा रहा है कि यह 'फ्रेंडली फायर' (अपनों की ही गोलीबारी) का मामला हो सकता है. क्षेत्र में सक्रिय रक्षा प्रणालियों के बीच समन्वय की कमी या तकनीकी खामी को इसका कारण माना जा रहा है. फिलहाल, दुर्घटना के सही कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी गई है.
क्षेत्रीय तनाव और कुवैत की स्थिति
यह दुर्घटना ऐसे समय में हुई है जब पूरा पश्चिम एशिया युद्ध की आग में झुलस रहा है. 28 फरवरी से शुरू हुए ईरान और इजरायल-अमेरिका के बीच सीधे संघर्ष के बाद से खाड़ी देशों में सैन्य गतिविधियां काफी बढ़ गई हैं. कुवैत, जो अमेरिका का एक प्रमुख सहयोगी और महत्वपूर्ण सैन्य केंद्र है, इस समय हाई अलर्ट पर है. कुवैत के अली अल-सालेम एयरबेस (Ali al-Salem Airbase) पर पहले भी ईरान द्वारा दागी गई मिसाइलों से नुकसान की खबरें आई थीं.
पायलट की स्थिति और बचाव कार्य
प्राथमिक जानकारी के मुताबिक, विमान के पायलट को मामूली चोटें आई हैं और उसे सुरक्षित स्थान पर ले जाया गया है. स्थानीय कुवैती नागरिकों द्वारा पायलट की मदद किए जाने के वीडियो ने इंटरनेट पर काफी चर्चा बटोरी है. अमेरिकी सेना अब मलबे को बरामद करने और ब्लैक बॉक्स के जरिए हादसे की असल वजह जानने की कोशिश कर रही है.













QuickLY