देश की खबरें | दिल्ली के डीडीयू मार्ग पर संतरी की चौकी से राइफल चोरी करने के आरोप में दो गिरफ्तार

नयी दिल्ली, 16 सितंबर दिल्ली के दीन दयाल उपाध्याय (डीडीयू) मार्ग इलाके में एक संतरी चौकी से इंसास राइफल चोरी करने के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।

मध्य दिल्ली के पुलिस उपायुक्त संजय कुमार सैन के मुताबिक, सहायक कमांडेंट तृतीय एनएपी/बीएन (नगालैंड सशस्त्र पुलिस बटालियन) ने बुधवार को बताया कि एमएस फ्लैट, डीडीयू मार्ग पर संतरी चौकी से एक सर्विस इंसास राइफल 5.56 (इंडियन स्मॉल आर्म्स सिस्टम) उसके 20 जिंदा कारतूस और एक मोबाइल फोन गायब हो गया है।

पुलिस ने जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज का विश्लेषण किया और दो व्यक्तियों को कारतूस के साथ राइफल चुराते और ई-साइकिल रिक्शा में मौके से फरार होते हुए देखा गया।

उन्होंने बताया कि ई-रिक्शा का पता लगाने पर यह नेपाल निवासी विकास (25) का निकला।

उन्होंने बताया कि पुलिस ने विकास को पकड़ लिया और उसकी निशानदेही पर उसके साथी कबीर (21) को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस उपायुक्त सैन ने कहा कि उनके कब्जे से चोरी की राइफल और 20 जिंदा कारतूस भी बरामद किए गए।

पुलिस के मुताबिक, विकास आजीविका के लिए कमला मार्केट इलाके में रिक्शा चलाता है और नशे का आदी है।

पुलिस ने बताया कि रिक्शा चालक कबीर को भी नशे की लत है।

उन्होंने बताया कि दोनों आरोपी कमला मार्केट में माता सुंदरी रोड के क्लस्टर इलाके में रहते हैं।

पुलिस ने कहा कि मादक पदार्थों और अन्य उद्देश्यों के लिए पैसे इकट्ठा करने के लिए, दोनों छोटी-मोटी चोरी करते थे और उनमें से किसी का भी पिछला आपराधिक रिकॉर्ड नहीं है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)