नयी दिल्ली, तीन फरवरी टीवी टुडे नेटवर्क लिमिटेड का एकीकृत शुद्ध लाभ चालू वित्त वर्ष 2022-23 की दिसंबर में समाप्त तीसरी तिमाही में 55.08 प्रतिशत घटकर 27.62 करोड़ रुपये पर आ गया। कंपनी ने शुक्रवार को बीएसई को भेजी एक सूचना में यह जानकारी दी।
टीवी टुडे ने पिछले वित्त वर्ष 2021-22 की तीसरी तिमाही में 61.50 करोड़ रुपये का लाभ कमाया था।
कंपनी की परिचालन आय भी आलोच्य तिमाही में 10.33 प्रतिशत घटकर 231.31 करोड़ रुपये रह गई। पिछले साल समान तिमाही में यह 257.97 करोड़ रुपये थी।
हालांकि, इस दौरान कंपनी का कुल खर्च 11.96 प्रतिशत बढ़कर 206.30 करोड़ रुपये हो गया।
टीवी टुडे नेटवर्क ने शेयर बाजारों को भेजी एक अलग सूचना में कहा कि उसके निदेशक मंडल ने शुक्रवार को वित्त वर्ष 2022-23 के लिए पांच रुपये के अंकित मूल्य के पूर्ण चुकता शेयर पर 1,340 प्रतिशत यानी 67 रुपये प्रति शेयर का विशेष अंतरिम लाभांश देने की मंजूरी दी है।
इसके अलावा निदेशक मंडल ने एक अप्रैल, 2023 से पांच साल की अवधि के लिए कंपनी के चेयरमैन एवं पूर्णकालिक निदेशक अरुण पुरी और वाइस चेयरपर्सन एवं प्रबंध निदेशक कली पुरी भंडाल की पुनर्नियुक्ति को मंजूरी दी है। हालांकि, इन नियुक्तियों को कंपनी के शेयरधारकों की मंजूरी मिली बाकी है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY