देश की खबरें | त्रिपुरा : मुख्यमंत्री साहा ने कर्नाटक चुनाव के नतीजों पर कहा, हार लोकतंत्र का हिस्सा

अगरतला, 13 मई कर्नाटक में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को हराकर कांग्रेस की सत्ता में वापसी पर त्रिपुरा के मुख्यमंत्री माणिक साहा ने शनिवार को कहा कि जीत और हार लोकतांत्रिक प्रकिया का हिस्सा हैं।

उन्होंने कहा कि भाजपा हार के कारणों का पता लगाएगी और उन खामियों को दूर करने के लिए कदम उठाएगी।

मुख्यमंत्री साहा ने ‘द केरल स्टोरी’ फिल्म देखने के बाद संवाददाताओं से बातचीत करते हुए उक्त बातें कहीं।

उन्होंने कहा, ‘‘जीत और हार लोकतांत्रिक प्रक्रिया का हिस्सा हैं, एक पार्टी जाती है और दूसरी आती है... लोग आरोप लगा रहे थे कि देश में लोकतंत्र नहीं है... अगर यह जमीनी सच्चाई होती तो कैसे कांग्रेस ने कर्नाटक की सत्ता में वापसी की है।’’

साहा ने दावा किया कि वामपंथी शासन के दौरान पश्चिम बंगाल और त्रिपुरा में लोकतंत्र ‘खतरे’ में था और यह भगवा दल है जिसने 2018 में पूर्वोत्तर भारत के इस राज्य में लोकतंत्र की स्थापना की।

पश्चिम बंगाल में ‘द केरल स्टोरी’ के प्रदर्शन पर लगी रोक के बारे में पूछे जाने पर मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘मैंने सुना है कि फिल्म ‘द बंगाल फाइल्स’ बन रही है। लोग जानेंगे कि कैसे एक धड़े को पश्चिम बंगाल में दबाया जा रहा है। फिल्म पर रोक लगाने से उद्देश्य पूरा नहीं होगा क्योंकि लोग किसी दूसरे माध्यम से फिल्म देख लेंगे।’’

गौरतलब है कि पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने गत सोमवार को कानून व्यवस्था का हवाला देते हुए राज्य के ‘द केरल स्टोरी’ के प्रदर्शन पर रोक लगाने का आदेश दिया था।

इस बीच, कर्नाटक में मिली शानदार जीत के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पार्टी के प्रदेश कार्यालय में एकत्र होकर जश्न बनाया और आतिशबाजी की।

त्रिपुरा प्रदेश कांग्रेस समिति के अध्यक्ष बीरजीत सिन्हा ने पत्रकारों से कहा, ‘‘प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का करिश्मा धीरे-धीरे कम हो रहा है जिसका नतीजा है कि भाजपा को कर्नाटक में हार मिली है। कांग्रेस 2024 में होने वाले आम चुनाव में जीत हासिल करेगी।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)