कोलकाता, तीन फरवरी तृणमूल कांग्रेस ने अयोध्या में 22 वर्षीय दलित महिला का शव बरामद होने के बाद सोमवार को उत्तर प्रदेश सरकार की आलोचना की और आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) शासन में यह राज्य ‘‘भय, अत्याचार और अन्याय की भूमि’’ बन गया है।
तृणमूल ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कानून-व्यवस्था बनाए रखने के दावों पर सवाल उठाए।
पार्टी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर दावा किया, ‘‘भाजपा के शासन में उत्तर प्रदेश भय, अत्याचार और अन्याय का प्रदेश बन गया है। अयोध्या में एक नहर में 22 वर्षीय दलित महिला का निर्वस्त्र शव मिला - उसकी आंखें निकाल ली गई थीं, उसके शरीर पर गहरे घाव थे और हड्डियां टूटी थीं। उसके परिवार ने सामूहिक बलात्कार और हत्या का आरोप लगाया है, फिर भी भाजपा सरकार चुप है। कोई गिरफ्तारी नहीं। कोई जवाबदेही नहीं।’’
तृणमूल ने उत्तर प्रदेश में भाजपा सरकार की 'बेटी बचाओ' पहल की प्रभावशीलता के बारे में भी सवाल किया और आरोप लगाया कि राज्य में दलित महिलाओं के साथ बलात्कार और हत्या की घटना हो रही हैं।
पार्टी ने आरोप लगाया, ‘‘मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, आपकी तथाकथित ‘कानून -व्यवस्था’ कहां है? अब आपका नकली ‘बेटी बचाओ’ प्रचार कहां है? आपके उत्तर प्रदेश में दलित महिलाओं के साथ बलात्कार और उनकी हत्या की जा रही है, और आप (इन घटनाओं को) जानबूझकर नजरअंदाज करते हैं।’’
पुलिस ने शनिवार को कहा कि उत्तर प्रदेश के अयोध्या में एक दलित महिला का निर्वस्त्र शव उसके गांव के पास एक नहर में मिला। वहीं उसके परिवार ने आरोप लगाया कि उसकी हत्या की गई है।
परिवार के सदस्यों ने दावा किया कि महिला की आंखें निकाल ली गई थीं और शरीर पर गहरे घाव थे और हड्डियां टूटी थीं।
पुलिस ने कहा कि परिवार के अनुसार, महिला 30 जनवरी की रात से लापता थी। पुलिस ने कहा कि उसने खोज शुरू की और महिला के एक रिश्तेदार को उसका शव गांव से 500 मीटर दूर एक नहर में मिला।
पुलिस क्षेत्राधिकारी आशुतोष तिवारी ने कहा कि शुक्रवार को शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज की थी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY