दीमापुर, 24 मई नगालैंड में फंसे बिहार के 1,600 प्रवासी श्रमिकों को लेकर दीमापुर से एक विशेष ट्रेन पूर्वी चंपारण जिले के मोतिहारी के लिए रवाना हुई है। रविवार को एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
नगालैंड में फंसे प्रवासी कामगारों के लिए पहली ट्रेन दीमापुर रेलवे स्टेशन से शनिवार रात 9 बजे रवाना हुई।
अधिकारी ने बताया कि ट्रेन में ज्यादातर लोग ऑटो-रिक्शा चालक हैं।
दीमापुर के अतिरिक्त उपायुक्त (एडीसी) लोवितोली सेमा ने कहा कि नगालैंड सरकार ने उनकी टिकटों का भुगतान किया है।
अधिकारियों ने बताया कि कोहिमा जिले से 15 बसें 339 प्रवासी श्रमिकों को दीमापुर जिला खेल परिसर ले गईं, जबकि मोकोकचुंग जिले से पांच बसें 158 श्रमिकों के साथ वहां पहुंचीं।
उन्होंने बताया कि जिला चिकित्सा दल ने वहां के प्रवासी श्रमिकों की थर्मल स्क्रीनिंग की।
अधिकारियों ने बताया कि जिला प्रशासन के अधिकारियों ने उनके दस्तावेजों का सत्यापन किया जिसके बाद उन्हें ट्रेन टिकट दिए गए।
उन्होंने बताया कि प्रवासियों को भोजन के पैकेट और पानी की बोतलें भी प्रदान की गईं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)













QuickLY