नयी दिल्ली, 29 अगस्त चांदनी चौक के व्यापारी अगले महीने यहां जी20 शिखर सम्मेलन के दौरान इस प्रसिद्ध बाजार में बड़ी संख्या में आने वाले विदेशी आगंतुकों की जरूरतों को ध्यान में रखकर अंग्रेजी अनुवादकों, फ्रेंच भाषी गाइड और कॉलेज के छात्रों को नियुक्त करने की योजना बना रहे हैं।
दुकान मालिकों के अनुसार, इन उपायों से विदेशी आगंतुकों के साथ संवाद सुविधाजनक बनाने में मदद मिलेगी।
चैंबर ऑफ ट्रेडर्स एंड इंडस्ट्री (सीटीआई) के अध्यक्ष ब्रिजेश गोयल ने यहां बताया, ‘‘हम किसी भी संवाद की समस्या से बचने के लिए अंग्रेजी अनुवादकों, गाइड नियुक्त करने की योजना बना रहे हैं, जिनमें फ्रेंच बोलने वाले भी शामिल हैं। हमारा उद्देश्य पूरे देश में प्रसिद्ध चांदनी चौक को अन्य देशों में भी लोकप्रिय बनाना है।’’
उन्होंने कहा कि इस पूरी लागत को दुकान मालिक वहन करेंगे और अनुवादकों को 8-11 सितंबर तक चार दिन के लिए काम पर रखा जाएगा।
लगभग 1,000 कार्यकर्ता इसमें शामिल होंगे, जिनमें पेशेवर और स्कूल और कॉलेजों के छात्र शामिल हैं।
एक स्थानीय व्यापारी ने कहा, ‘‘हमें गर्व है कि यह आयोजन इतने सारे विदेशी पर्यटकों को यहां लाएगा और हम उन सभी का स्वागत करते हैं।’’
इस बीच, कई मिठाई दुकान मालिकों ने कहा कि उनके पास अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन और चीनी राष्ट्रपति शी चिनफिंग के लिए विशेष रूप से तैयार की गई एक ‘विशेष जलेबी रबड़ी’ है। उन्होंने दोनों नेताओं को अपनी दुकान पर आने का न्योता दिया है।
जी20 नेताओं के शिखर सम्मेलन के लिए शहर की प्रमुख सड़कों और अन्य क्षेत्रों को साफ और सुंदर बनाया गया है। यह शिखर सम्मेलन 9-10 सितंबर को प्रगति मैदान में नवनिर्मित अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन केंद्र में आयोजित होने वाला है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY