बेंगलुरु, 18 अगस्त कर्नाटक के चिकित्सा शिक्षा मंत्री के सुधाकर ने मंगलवार को कहा कि उन्होंने तरल ऑक्सीजन की बढ़ती मांग के मद्देनजर सभी अस्पतालों में इसकी पर्याप्त आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए अधिकारियों को सभी जरूरी कदम उठाने के निर्देश दिए हैं।
उन्होंने कहा कि सरकार अधिक मांग को पूरा करने के लिए तरल ऑक्सीजन का नया संयंत्र लगाने की योजना बना रही है।
मंत्री ने आज केम्पेगौड़ा आयुर्विज्ञान संस्थान का दौरा किया जहां गत रात शहर में ऑक्सीजन की आपूर्ति कम होने की वजह से विभिन्न अस्पतालों से मरीजों को लाकर भर्ती किया गया है।
उन्होंने कहा, ‘‘भारी मांग की वजह से अस्पतालों में ऑक्सीजन की आपूर्ति करने में कुछ समस्या आ रही है।’’
यह भी पढ़े | ताजिकिस्तान में भूकंप के झटके, तीव्रता 4.3 मापी गई: 18 अगस्त 2020 की बड़ी खबरें और मुख्य समाचार LIVE.
एक आधिकारिक विज्ञप्ति में सुधाकर को उद्धृत करते हुए कहा गया, ‘‘मैंने अधिकरियों को निर्देश दिया है कि वे राज्य के सभी अस्पतालों में पर्याप्त तरल ऑक्सीजन की आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए हर जरूरी व्यवस्था करें।’’
उल्लेखनीय है कि हाल में वीडियो कांफ्रेंस के जरिये प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ हुई बैठक में भी राज्य ने ऑक्सीजन संयंत्र स्थापित करने में केंद्र से सहयोग का आग्रह किया था।
सुधाकर ने कहा कि कोविड-19 के मामले बढ़ने की वजह से सोमवार को सभी अस्पतालों और केम्पगौड़ा आयुर्विज्ञान संस्थान में ऑक्सीजन की कमी हो गई थी।
उन्होंने कहा कि तत्काल मरीजों को बॉउरिंग और विक्टोरिया अस्पताल स्थानांतरित किया गया।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY