इस्लामाबाद/लाहौर, आठ मई पाकिस्तानी सेना ने बृहस्पतिवार को कहा कि भारत की ओर से किए गए ड्रोन हमलों में तीन लोगों की मौत हो गई है जबकि उसके चार सैनिकों सहित आठ लोग घायल हो गए हैं। वहीं, सेना ने दावा किया कि सशस्त्र बलों ने भारत द्वारा दागे गए कई मानव रहित विमान (यूएवी) को मार गिराया है।
नयी दिल्ली में भारतीय सैन्य अधिकारियों ने कहा कि भारतीय सशस्त्र बलों ने बुधवार रात ड्रोन और मिसाइलों का उपयोग करके उत्तरी और पश्चिमी भारत में कई सैन्य ठिकानों पर हमला करने की पाकिस्तानी सेना की कोशिशों को विफल कर दिया और जवाबी कार्रवाई में लाहौर में एक पाकिस्तानी वायु रक्षा प्रणाली को नष्ट कर दिया।
पाकिस्तानी सेना के प्रवक्ता लेफ्टिनेंट जनरल अहमद शरीफ चौधरी के साथ एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए उप प्रधानमंत्री/विदेश मंत्री इशाक डार ने भारत पर आरोप लगाया कि उसने पाकिस्तान पर कई ड्रोन हमले किए हैं।
डार ने कहा कि पाकिस्तान ने अब तक सीमित प्रतिक्रिया दी है। हालांकि, उन्होंने चेतावनी दी कि पाकिस्तान को जवाब देने का अधिकार है।
चौधरी ने दावा किया कि लाहौर, गुजरांवाला, चकवाल, बहावलपुर, मियानो, कराची, छोर, रावलपिंडी और अटक में ड्रोन को मार गिराया गया है।
उन्होंने दावा किया कि अब तक पाकिस्तानी सेना के सॉफ्ट किल (तकनीकी) और हार्ड किल (हथियारों) से इजराइल में निर्मित 29 हारोप ड्रोन को मार गिराया गया है।
चौधरी ने कहा, ‘‘इन ड्रोन हमलों में तीन नागरिक मारे गए और चार सैन्यकर्मियों सहित आठ लोग घायल हो गए हैं।’’
डार ने दावा किया कि भारत की ओर से किए गए ड्रोन हमले से रावलपिंडी क्रिकेट स्टेडियम को निशाना बनाया गया है।
एक अधिकारी ने ‘पीटीआई-’ को बताया कि लाहौर छावनी क्षेत्र में कम से कम चार ड्रोन हमले हुए हैं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY