देश की खबरें | जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ में आतंकी संबंधों के आरोप में तीन लोग हिरासत में लिए गए

जम्मू, 18 सितंबर जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ जिले में सोमवार को प्रतिबंधित आतंकी संगठन हिजबुल मुजाहिदीन से जुड़े होने के आरोप में तीन लोगों को कड़े सार्वजनिक सुरक्षा अधिनियम (पीएसए) के तहत हिरासत में लिया गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि तौसीफ-उल-नबी, जहूर-उल-हसन और रेयाज अहमद नामक आतंकी सहयोगियों को पीएसए कानून के तहत हिरासत में लिया गया।

किश्तवाड़ के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, खलील पोसवाल ने कहा कि तीनों आतंकी सहयोगी हैं और अलग-अलग पुलिस थानों में दर्ज विभिन्न मामलों में नामित हैं।

अधिकारी ने कहा, "राष्ट्र विरोधी गतिविधियों में उनकी निरंतर संलिप्तता तथा स्थानीय युवाओं को प्रतिबंधित (आतंकवादी) संगठनों में शामिल होने के लिए प्रेरित करने में उनकी भूमिका के कारण तीनों पर पीएसए लगाना आवश्यक समझा गया।"

पोसवाल ने कहा कि सक्षम प्राधिकारी से पीएसए आदेश प्राप्त करने के बाद तीनों को हिरासत में लेने की कार्रवाई को सावधानीपूर्वक अंजाम दिया गया।

अधिकारी ने कहा कि तीनों को पकड़ने के लिये कई टीमें गठित की गईं और उन्हें किश्तवाड़ में अलग-अलग ठिकानों से पकड़ा गया तथा बाद में उन्हें जम्मू प्रांत की विभिन्न जेलों में बंद कर दिया गया।

उन्होंने कहा कि पुलिस राष्ट्र विरोधी ताकतों से निपटने के लिए बहुआयामी रणनीति अपना रही है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने कहा, "एक तरफ पूरे जिले में जागरूकता कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं, जबकि दूसरी ओर जनता की सुरक्षा और भलाई सुनिश्चित करने के लिये राष्ट्र-विरोधी और असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।"

उन्होंने कहा, "किश्तवाड़ में ऐसी गतिविधियों के लिये कोई जगह नहीं है।"

अधिकारी ने बताया कि उन्होंने ऐसे तत्वों से अपनी राष्ट्र विरोधी गतिविधियों को बंद करने तथा उन्हें मुख्यधारा में लौटने के लिये कहा।

अधिकारी ने कहा, "आम जनता से एक बार फिर आग्रह किया जाता है कि वे अपने आसपास के इलाकों में राष्ट्र विरोधी, असामाजिक या मादक पदार्थों से संबंधित गतिविधियों की किसी भी जानकारी की सूचना पुलिस को देकर किश्तवाड़ की सुरक्षा बनाए रखने में सक्रिय भूमिका निभाएं।"

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)