श्रीनगर/जम्मू, छह जून जम्मू-कश्मीर में शनिवार को कोविड-19 संक्रमण के कारण तीन और लोगों की मौत हो गई। इसके साथ ही केंद्रशासित प्रदेश में मृतकों की संख्या बढ़कर 39 हो गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि दो मौतें कश्मीर घाटी में हुई हैं, जबकि एक मौत जम्मू क्षेत्र में हुई है।
अधिकारियों ने बताया कि दक्षिण कश्मीर के शोपियां जिले के 70 वर्षीय एक व्यक्ति की हृदय रोग अस्पताल में शनिवार को मौत हो गई, जो कोविड-19 मरीजों के लिए नामित किया गया अस्पताल है।
उन्होंने बताया कि मरीज को शनिवार सुबह अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
उन्होंने बताया कि मरीज को शोपियां के एक अस्पताल से स्थानांतरित किया गया था। जांच में उसके कोविड-19 से संक्रमित होने की पुष्टि हुयी थी।
अधिकारियों ने बताया कि इसके अलावा, उत्तरी कश्मीर के कुपवाड़ा जिले के हंदवाड़ा क्षेत्र के रहने वाले 70 वर्षीय एक व्यक्ति की आज सुबह एसएमएचएस अस्पताल में मौत हो गई और शाम को जांच में कोरोना वायरस संक्रमण की पुष्टि हुयी।
उन्होंने बताया कि शनिवार को तड़के ढाई बजे से तीन बजे के बीच उसे अस्पताल लाया गया था और भर्ती के एक घंटे के भीतर उसकी मृत्यु हो गई।
अधिकारियों ने बताया कि व्यक्ति को कई बीमारियां थीं।
इस बीच, जम्मू के एक अस्पताल में 62 वर्षीय एक महिला की संक्रमण के कारण मौत हो गई।
अधिकारियों ने बताया कि मीरन साहिब क्षेत्र की रहने वाली मरीज को गंभीर हालत में पिछले महीने जम्मू के सरकारी मेडिकल कॉलेज (जीएमसी) में भर्ती कराया गया था। वह 25 मई को कोविड-19 की जांच में संक्रमित पाई गई थी।
उन्होंने बताया कि जम्मू क्षेत्र में कोविड-19 से हुई यह पांचवीं मौत है। बाकी 34 मौतें कश्मीर घाटी के विभिन्न जिलों में हुई हैं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY