पालनपुर (गुजरात), सात सितंबर गुजरात के बनासकांडा जिले में सोमवार को दीवार गिरने से एक महिला और उसके छोटे बच्चे समेत तीन लोगों की मौत हो गई और पांच अन्य लोग घायल हो गए।
पुलिस ने बताया कि घटना जिले के सेजलपुरा गांव में हुई जब एक जर्जर मकान की एक दीवार पीड़ितों पर गिर गई। वे सभी राजस्थान के रहने वाले हैं।
यह भी पढ़े | कुशीनगर: टीचर की गोली मारकर हत्या, गुस्साई भीड़ ने आरोपी को पीटा, हुई मौत.
पालनपुर ग्रामीण थाने के एक अधिकारी ने बताया कि खाली पड़े इस मकान की दीवार मजदूरों के एक समूह और उनके परिवार के सदस्यों पर गिर गई। घटना के समय वे उस घर से नजदीक बन रहे नए घर की नींव डालने के लिये खुदाई कर रहे थे।
पुलिस उप निरीक्षक बी आर पटेल ने कहा कि तीनों लोगों सीताबेन वसैया (38), उनके बेटे राजू (3) और पांच साल के राहुल वसैया की पालनपुर सिविल अस्पताल में मौत हो गई।
पटेल ने कहा कि मृतक और घायल पड़ोसी राज्य राजस्थान के बांसवाड़ा के निवासी थे। जहां घटना हुई, वहां वे मजदूरी कर रहे थे।
उन्होंने कहा पांचों घायलों का सिविल अस्पताल में इलाज चल रहा है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY