West Bengal Election 2026: बंगाल में दूसरे चरण के चुनाव से पहले हुगली में TMC पर बरसे PM मोदी, बोले- 'अत्याचार की हद हो गई, अब जनता करेगी अन्याय का विसर्जन'; VIDEO
(Photo Credits @Sachingupta)

West Bengal Election 2026:  पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण से पहले राजनीतिक पारा पूरी तरह चढ़ चुका है. हुगली में एक विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली टीएमसी सरकार पर तीखा हमला बोला. उन्होंने कहा कि पिछले 15 वर्षों में बंगाल की जनता ने केवल डर और भ्रष्टाचार देखा है, लेकिन अब बदलाव का समय आ गया है.

भय आउट, भरोसा इन" का नया नारा

प्रधानमंत्री ने रैली में उमड़े जनसैलाब को देखते हुए कहा कि बंगाल की जनता अब डराने वालों से नहीं डरती. उन्होंने कहा, "15 साल तक टीएमसी ने लोगों को डराया, लेकिन वे भूल गए कि जब अत्याचार की हद होती है, तो जनता मां दुर्गा का रूप धरकर अन्याय का विसर्जन कर देती है." प्रधानमंत्री ने नया नारा देते हुए कहा कि आज बंगाल के हर बूथ से एक ही आवाज आ रही है- 'भय आउट, भरोसा इन'.  यह भी पढ़े:  West Bengal Assembly Election 2026: अमित शाह का बड़ा वादा- ‘सत्ता में आए तो वापस लाएंगे पलायन कर चुके उद्योग, महिलाओं को 33% आरक्षण’

TMC पर बरसे PM मोदी

भ्रष्टाचार और कोर्ट के फैसलों का दिया हवाला

पीएम मोदी ने टीएमसी सरकार की विश्वसनीयता पर सवाल उठाते हुए कई उदाहरण पेश किए. उन्होंने शिक्षक भर्ती घोटाले का जिक्र करते हुए कहा कि अगर सरकार संवेदनशील होती, तो खुद जांच करती, लेकिन यहां कोर्ट को आदेश देना पड़ा.

उन्होंने संदेशखाली और 2023 के पंचायत चुनावों का उदाहरण देते हुए कहा, "टीएमसी सरकार की विश्वसनीयता शून्य है. पंचायत चुनाव में सुरक्षा के लिए कोर्ट को केंद्रीय बलों को तैनात करने का आदेश देना पड़ा, जो इस बात का सबूत है कि राज्य सरकार सुरक्षा देने में विफल रही है."

सिंगुर का जिक्र और 'पलटानो दोरकार' का संकल्प

प्रधानमंत्री ने सिंगुर का विशेष रूप से उल्लेख करते हुए कहा कि उन्होंने वहां जनता का जो गुस्सा देखा था, वह अब अपने चरम पर पहुंच चुका है. पीएम मोदी ने बंगाली भाषा में जनता का आह्वान करते हुए कहा कि अब बंगाल ने ठान लिया है— 'पलटानो दोरकार, चाई बीजेपी सरकार' (बदलाव की जरूरत है, बीजेपी सरकार चाहिए).

रिकॉर्ड मतदान से विपक्ष की 'नींद उड़ी'

23 अप्रैल को हुए पहले चरण के मतदान पर चर्चा करते हुए पीएम ने कहा कि बंगाल की जनता ने मतदान के सारे पुराने रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं. उन्होंने दावा किया कि भारी मतदान की खबरों ने टीएमसी के नेताओं की नींद उड़ा दी है. पीएम के अनुसार, जो लोग जनता का मिजाज नहीं भांप पाए, वे अब हैरान और परेशान हैं क्योंकि उन्हें इतनी बड़ी संख्या में लोगों के बाहर निकलने की उम्मीद नहीं थी.

23 अप्रैल को दूसरे चरण का मतदान

बता दें कि बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के लिए पहले चरण का मतदान संपन्न हो चुका है. दूसरे चरण के लिए मतदान 29 अप्रैल को होना है, जबकि चुनावी नतीजों की घोषणा 4 मई 2026 को की जाएगी. बीजेपी और टीएमसी दोनों ही दलों ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है, जिससे मुकाबला काफी रोमांचक हो गया है.