विदेश की खबरें | कोकीन की तस्करी के आरोप में भारतीय नागरिक समेत तीन गिरफ्तार

काठमांडू , 29 अगस्त नेपाल की राजधानी काठमांडू में करीब तीन किलोग्राम मादक पदार्थ के साथ एक भारतीय समेत तीन लोग गिरफ्तार किये गये हैं ।

पुलिस ने यहां बताया कि कर्नाटक के बिजय सिंह (33), शिरली गामा (30) और गियातुरदे लियोनार्दो किमारो (26) को नौ करोड़ रुपये मूल्य की कोकीन के साथ गिरफ्तार किया गया।

पुलिस के अनुसार, इनमें से दो आरोपी महिलाएं हैं। उनमें से एक दक्षिण अफ्रीका और दूसरी तंजानिया की है। उनके पास से 2.9 किलोग्राम मादक पदार्थ जब्त किया गया।

पुलिस ने बताया कि भारतीय नागरिक सिंह को शहर के कमलादाई से 24 अगस्त को गिरफ्तार किया गया, वह गामा से कोकीन लेने का प्रयास कर रहा था। उसका मादक पदार्थ की अवैध ढुलाई में हाथ था।

पुलिस ने बताया कि दक्षिण अफ्रीका की गामा को 19 अगस्त को एक होटल से गिरफ्तार किया गया , उसी दिन वह कतर एयरलाइंस की उड़ान से यहां पहुंची थी।

पुलिस के मुताबिक, किमारो को 25 अगस्त को सिंधुली के खूरकोट से गिरफ्तार किया गया, वह सिंधुली के रास्ते भारत भागने का प्रयास कर रही थी।

इन तीनों को दोषी पाये जाने पर 15 साल की कैद और 25 लाख रूपये के जुर्माने की सजा हो सकती है।

पुलिस ने जिला अदालत की अनुमति से तीनों को हिरासत में ले लिया है और वह मामले की जांच कर रही है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)