भिवानी, 21 जून हरियाणा के सत्तारूढ़ गठबंधन में खींचतान की अटकलों के बीच उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने बुधवार को कहा, ‘‘ अभी कोई संशय नहीं है और फिलहाल सब ठीक है।’’
चौटाला यहां चरखी दादरी नयी अनाज मंडी में आयोजित एक कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।
हरियाणा में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और जननायक जनता पार्टी (जजपा) गठबंधन में रार की अटकलों पर उन्होंने कहा, ‘‘ अभी कोई संशय नहीं है। गठबंधन सरकार ने प्रदेश के विकास के लिए जनहित में काम किया और आगे भी ऐसा करती रहेगी। हम चुनाव की घोषणा के बाद ही गठबंधन पर चर्चा करेंगे, फिलहाल सब ठीक है।’’
कांग्रेस-इनेलो के बीच गठबंधन की चर्चा पर चौटाला ने कहा, ‘‘पिछले छह महीने से हम ऐसी चर्चा सुन रहे हैं...।’’
उन्होंने कहा कि भाजपा और जजपा अपने-अपने स्तर पर संगठन को मजबूत करने की दिशा में काम कर रही हैं।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने सब्जी मंडी की ‘मार्केटिंग फीस’ माफ कर दी है और यह निर्णय व्यापारियों की मांग पर लिया गया है और इसका फायदा प्रदेश में फल और सब्जियों के हजारों विक्रेताओं को मिलेगा।
दुष्यंत चौटाला ने कहा कि चरखी दादरी में नया बस स्टैंड, मेडिकल कॉलेज और पुलिस लाइन के निर्माण के लिए करीब 100 एकड़ जमीन की तलाश की जा रही है। उन्होंने कहा कि तीन गांवों के नाम अब तक सामने आए हैं और उपयुक्त स्थान पर तीनों परियोजनाएं कार्यान्वित होंगी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY