देश की खबरें | गोवा के दो भाइयों के बिशप बनने पर परिवार में खुशी की लहर

पणजी, 15 जनवरी गोवा के दो भाइयों के बिशप बनने पर उनके परिजनों में खुशी की लहर है और उन्होंने इसे ईश्वर का आशीर्वाद और ‘‘दुर्लभ उपहार’’ बताया है।

फादर थिओडोर मैस्कारेन्हस 2014 में रांची के सहायक बिशप बने थे। उनके बड़े भाई फादर सेबेस्टियाओ मैस्कारेन्हस फरवरी में बड़ौदा के बिशप के रूप में कार्यभार संभालेंगे। कैथोलिक गिरजाघर में बिशप और आर्कबिशप पोप द्वारा नियुक्त किए जाते हैं।

मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने हाल में फादर सेबेस्टियाओ से मुलाकात की और कहा कि गोवा के एक ही परिवार से दो बिशप की नियुक्ति राज्य के लिए सम्मान की बात है।

मुख्यमंत्री ने तीन जनवरी को ट्वीट किया, ‘‘गुजरात के बड़ौदा के नवनिर्वाचित बिशप फादर सेबेस्टियाओ मैस्कारेन्हस से मिलने का सौभाग्य मिला। फादर सेबेस्टियाओ अंबोरा के रहने वाले हैं और बिशप थिओडोर मैस्कारेन्हस के भाई हैं। गोवा के एक ही परिवार से दो बिशप की नियुक्ति राज्य के लिए सम्मान की बात है।’’

दोनों भाई ‘सोसाइटी ऑफ द मिशनरीज ऑफ सेंट फ्रांसिस जेवियर’ के पादरी हैं। दक्षिण गोवा जिले के सालसेट इलाके के कैमूरलिम गांव में रहने वाली उनकी छोटी बहन मारिया डियास ने कहा कि दूसरे भाई की भी बिशप के रूप में नियुक्ति से उनके परिवार के लोग बहुत खुश हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘दो भाइयों का बिशप बनना परिवार और कैमुर्लिम गांव के लिए आशीर्वाद है। परिवार इस उपलब्धि के लिए भगवान का बेहद आभारी है। यह एक बहुत ही दुर्लभ उपहार है।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)