चंडीगढ़, 19 अक्टूबर पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने बुधवार को कहा कि पंजाब विश्वविद्यालय के छात्र संघ चुनाव में आम आदमी पार्टी (आप) की छात्र शाखा की जीत विभाजनकारी शक्तियों के मुंह पर तमाचा है और इस परिणाम से राजनीति में क्रांतिकारी बदलाव लाने में मदद मिलेगी।
राज्य में सत्तारूढ़ दल की छात्र शाखा ‘छात्र युवा संघर्ष समिति’ ने चुनाव में अध्यक्ष पद पर जीत हासिल की। चुनाव परिणाम मंगलवार रात को घोषित किए गए और आयुष खटकड़ को नया अध्यक्ष चुना गया।
मान ने खटकड़ और अपनी पार्टी की छात्र शाखा के अन्य सदस्यों से बातचीत के दौरान कहा, ‘‘यह परिणाम देश में घृणा फैलाने की कोशिश कर रही विभाजनकारी ताकतों के मुंह पर तमाचा है।’’
उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय के चुनाव परिणाम आप संयोजक अरविंद केजरीवाल की दूरदर्शी और निर्णायक नीतियों के व्यापक प्रभाव को दर्शाते हैं।
मान ने कहा कि यह परिणाम देश की राजनीति में अत्यावश्यक क्रांतिकारी परिवर्तन लाने में अहम साबित होगा।
आप की छात्र शाखा ने पहली बार विश्वविद्यालय चुनावों में भाग लिया है।
इन चुनावों में उपाध्यक्ष एवं संयुक्त सचिव पदों पर कांग्रेस की छात्र इकाई नेशनल स्टूडेंट्स यूनियन ऑफ इंडिया (एनएसयूआई) और सचिव पद पर जननायक जनता पार्टी के छात्र संगठन इंडियन नेशनल स्टूडेंट्स ऑर्गेनाइजेशन (इनसो) ने जीत हासिल की।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY