Share Market: शेयर बाजार में लगातार दूसरे दिन गिरावट, सेंसेक्स 372 अंक टूटा
घरेलू शेयर बाजारों में बुधवार को लगातार दूसरे दिन गिरावट रही और बीएसई सेंसेक्स लगभग 372 अंक के नुकसान में रहा. वैश्विक शेयर बाजारों में मिले-जुले रुख के बीच आईटी और प्रौद्योगिकी शेयरों में भारी बिकवाली दबाव से बाजार नीचे आया.
मुंबई, 17 मई: घरेलू शेयर बाजारों में बुधवार को लगातार दूसरे दिन गिरावट रही और बीएसई सेंसेक्स लगभग 372 अंक के नुकसान में रहा. वैश्विक शेयर बाजारों में मिले-जुले रुख के बीच आईटी और प्रौद्योगिकी शेयरों में भारी बिकवाली दबाव से बाजार नीचे आया. तीस शेयरों पर आधारित बीएसई सेंसेक्स 371.83 अंक यानी 0.60 प्रतिशत की गिरावट के साथ 61,560.64 अंक पर बंद हुआ. कारोबार के दौरान, यह 592.37 अंक तक लुढ़क गया था. यह भी पढ़ें: Share Market: वैश्विक रुख, थोक मुद्रास्फीति के आंकड़ों से तय होगी शेयर बाजार की दिशा
नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी 104.75 अंक यानी 0.57 प्रतिशत की गिरावट के साथ 18,181.75 अंक पर बंद हुआ. जियोजीत फाइनेंशियल सर्विसेज के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा, ‘‘कमजोर वैश्विक धारणा के साथ घरेलू निवेशक सतर्क रहे। अमेरिका में ताजा आर्थिक आंकड़ों से नरमी के संकेत के बीच मंदी की चिंता में निवेशकों ने सतर्क रुख अपनाया.’’
उन्होंने कहा, ‘‘अमेरिका में खुदरा बिक्री आंकड़ा मांग में नरमी का संकेत देता है. इसके अलावा, कर्ज सीमा को लेकर जारी बातचीत से भी बाजार धारणा प्रभावित हुई.’’ सेंसेक्स की कंपनियों में कोटक महिंद्रा बैंक, एशियन पेंट्स, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज, एचसीएल टेक्नोलॉजीज, इन्फोसिस, टाटा स्टील, विप्रो, बजाज फाइनेंस, टाटा मोटर्स, टाइटन और बजाज फिनसर्व मुख्य रूप से नुकसान में रहीं.
इसके उलट लाभ में रहने वाले शेयरों में इंडसइंड बैंक, आईटीसी, भारती एयरटेल, मारुति, अल्ट्राटेक सीमेंट, महिंद्रा एंड महिंद्रा और भारतीय स्टेट बैंक शामिल हैं. एशिया के अन्य बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी और जापान का निक्की लाभ में जबकि चीन का शंघाई कंपोजिट और हांगकांग का हैंगसेंग नुकसान में रहे.
यूरोपीय बाजारों में शुरुआती कारोबार में मिला-जुला रुख रहा. अमेरिकी बाजार मंगलवार को नुकसान में रहे. शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशक मंगलवार को शुद्ध लिवाल रहे और उन्होंने 1,406.86 करोड़ रुपये मूल्य के शेयर खरीदे. इस बीच, वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.12 प्रतिशत की गिरावट के साथ 74.82 डॉलर प्रति बैरल पर रहा.
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on May 17, 2023 04:50 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

