देश की खबरें | वाहन सवार ने पूछा-
एनडीआरएफ/प्रतीकात्मक तस्वीर (Photo Credits: ANI)

इंदौर (मध्य प्रदेश), 21 जुलाई मोटरसाइकिल चलाते वक्त मास्क नहीं पहनने के बारे में सवाल किये जाने पर भड़के पुलिस आरक्षक ने यहां वाहन सवार के साथ कथित रूप से बदसलूकी की और उसका मोबाइल छीन लिया।

अधिकारियों ने मंगलवार को बताया कि यह घटना सोमवार को परदेशीपुरा थाना क्षेत्र में सामने आयी। मामले में पीड़ित व्यक्ति आकाश विश्वकर्मा ने पुलिस उप महानिरीक्षक (डीआईजी) हरिनारायणाचारी मिश्रा को संबंधित पुलिस कर्मी के खिलाफ लिखित शिकायत की है।

यह भी पढ़े | जामा मस्जिद के शाही इमाम सैयद अहमद बुखारी ने कहा, 1 अगस्त को मनाया जाएगा बकरीद के त्योहार : 21 जुलाई 2020 की बड़ी खबरें और मुख्य समाचार LIVE.

डीआईजी ने बताया कि उन्होंने अपने एक मातहत अफसर को विश्वकर्मा की शिकायत पर जांच के निर्देश दिये हैं।

इस बीच, घटना के कुछ वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गये हैं। इनमें से एक वीडियो में एक पुलिस आरक्षक मास्क पहने बगैर मोटरसाइकिल चलाता नजर आ रहा है। वीडियो में पुलिस कर्मी के पास ही चल रहे एक अन्य वाहन सवार की आवाज सुनायी पड़ रही है- "अरे सर, मास्क कहां है आपका?"

यह भी पढ़े | जिस राज्य में मुख्यमंत्री ही असुरक्षित हैं, वहां आम लोगों का क्या हाल होगा: पूर्व सीएम रघुवर दास.

पुलिस कर्मी इस सवाल के तुरंत बाद प्रश्नकर्ता का वह मोबाइल छीनता दिखायी दे रहा है जिससे उसका वीडियो बनाया जा रहा था।

इंदौर, देश में कोविड-19 से सबसे ज्यादा प्रभावित जिलों में शामिल है जहां प्रशासन ने इस महामारी से बचाव के उपाय अपनाने को लेकर विस्तृत आदेश जारी किया है। इसमें सार्वजनिक स्थानों पर मास्क नहीं पहनने वाले व्यक्ति से मौके पर ही 200 रुपये का जुर्माना वसूलने का प्रावधान है।

जिले में इन दिनों सरकारी कारिंदों को जगह-जगह उन लोगों से जुर्माना वसूलते देखा जा सकता है जो मास्क पहने बगैर घर से बाहर निकल रहे हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)