देश की खबरें | स्वस्थ होने वालों की संख्या कोविड-19 के उपचाराधीन मामलों से करीब 18 लाख ज्यादा
एनडीआरएफ/प्रतीकात्मक तस्वीर (Photo Credits: ANI)

नयी दिल्ली, 28 अगस्त केंद्र के ‘जांच, खोज एवं उपचार’ के रुख का प्रभाव कोविड-19 से स्वस्थ होने तथा मृत्यु दर घटने की दिशा में हासिल की गई प्रगति को दिखाता है। सरकार ने बृहस्पतिवार को यह कहा और उल्लेख किया कि इस बीमारी से अब तक स्वस्थ हुए लोगों की संख्या संक्रमण का इलाज करा रहे लोगों से 18 लाख ज्यादा है।

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा कि पिछले पांच महीनों में, कोविड-19 के तीन चौथाई मरीज स्वस्थ हुए और अब एक चौथाई से कम लोग इसकी चपेट में हैं।

यह भी पढ़े | लखनऊ: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र और CM आदित्यनाथ योगी के शहर में बनेंगे इंडस्ट्रियल पार्क.

मंत्रालय ने कहा, “संक्रमित लोगों के प्रभावी उपचार के परिणामस्वरूप कोविड मामलों में मृत्यु दर में कमी आई है जो फिलहाल 1.82 प्रतिशत पर है।”

इसने कहा कि स्वस्थ होने वाले लोगों की संख्या कोरोना वायरस संक्रमण का अब भी इलाज करा रहे लोगों की तुलना में 3.5 गुना ज्यादा है।

यह भी पढ़े | चंडीगढ़: पंजाब पुलिस ने 29 साल पुराने अपहरण मामले में पूर्व DGP के घर मारा छापा, केस दर्ज.

ज्यादा मरीजों के ठीक होने और अस्पतालों एवं घर में पृथक-वास से छुट्टी मिलने से, भारत में कोविड-19 से स्वस्थ होने वाले लोगों की संख्या 26 लाख के करीब पहुंच गई है।

पिछले 24 घंटों में कुल 60,177 मरीजों के ठीक होने के बाद, स्वस्थ होने वालों की संख्या बढ़कर 25,83,948 हो गई है और स्वस्थ होने की दर 76.28 प्रतिशत पर पहुंच गई है।

मंत्रालय ने कहा, “अधिक से अधिक लोगों के स्वस्थ होने की वजह से ठीक होने और उपचाराधीन मामलों के बीच लगातार अंतर बढ़ रहा है। 18 लाख का आंकड़ा पार करते हुए, आज यह अंतर 18,41,925 है।”

केंद्र सरकार ने भारत में कोविड प्रबंधन के लिए क्रमिक एवं विकासशील रणनीतिक प्रक्रिया को अपनाया है।

निगरानी पर शुरुआत में ही ध्यान देने और घर-घर जाकर सर्वेक्षण कर संपर्कों का पता लगाने की प्रक्रिया को लगातार मजबूती दी गई और जांच को भी बढ़ाया गया।

मंत्रालय ने कहा कि इससे संक्रमित लोगों का तत्काल पता लगाकर उन्हें घर में पृथक-वास में रखने या अस्पताल में भर्ती कराने में देरी नहीं हुई।

शुक्रवार को कोरोना संक्रमण के रिकॉर्ड 77,266 मामले सामने आने के बाद देश में कोविड-19 के मरीजों की संख्या 33,87,500 पर पहुंच गई जबकि पिछले 24 घटों में 1,057 लोगों की संक्रमण से मौत होने के बाद मृतक संख्या 61,529 हो गई।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)