नयी दिल्ली, 29 जनवरी अदाणी समूह की कंपनी अंबुजा सीमेंट लि. का वित्त वर्ष 2024-25 की तीसरी तिमाही में एकीकृत शुद्ध लाभ बढ़कर 2,620.09 करोड़ रुपये हो गया।
अंबुजा सीमेंट्स लिमिटेड (एसीएल) ने शेयर बाजार को दी सूचना में कहा कि कंपनी ने पिछले वित्त वर्ष की तीसरी तिमाही में 1,090.73 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ अर्जित किया था।
चालू वित्त वर्ष की तीसरी तिमाही के दौरान एकीकृत परिचालन आय 8,415.31 करोड़ रुपये रही जबकि पिछले वित्त वर्ष की इसी तिमाही में यह 8,052.42 करोड़ रुपये थी।
तिमाही के दौरान देश की दूसरी सबसे बड़ी सीमेंट विनिर्माता कंपनी की समेकित बिक्री मात्रा 1.65 करोड़ टन रही।
अंबुजा सीमेंट ने कहा कि यह किसी एक तिमाही में अब तक की सर्वाधिक सीमेंट बिक्री है।
कंपनी के चालू वित्त वर्ष की दिसंबर तिमाही के एकीकृत वित्तीय परिणामों की तुलना करना संभव नहीं है क्योंकि अंबुजा सीमेंट ने कुछ नई कंपनियों का अधिग्रहण किया है।
अंबुजा सीमेंट लि. की अनुषंगी कंपनी एसीसी ने एशियन कंक्रीट एंड सीमेंट लिमिटेड का अधिग्रहण कर लिया।
अंबुजा सीमेंट लि. के पूर्णकालिक निदेशक और मुख्य कार्यपालक (सीईओ) अजय कपूर ने कहा कि कंपनी नये क्षेत्रों में काम कर रही है, जिसमें उसका मुख्य रूप से ध्यान नवाचार, डिजिटलीकरण और ग्राहक संतुष्टि पर केंद्रित है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY