नयी दिल्ली, आठ अगस्त भाकपा सांसद विनय विस्वम ने शनिवार को कहा कि कोझिकोड हवाई अड्डे पर एअर इंडिया एक्सप्रेस के विमान हादसे की जांच में वेतन कटौती से रखरखाव और नीतियों में किए गए कुछ बदलाव के मुद्दे को भी ध्यान में रखना चाहिए ।
एलायंस एअर एम्प्लॉइ यूनियन के भी अध्यक्ष विस्वम ने कहा, ‘‘शुरुआती जांच चल रही है और किन परिस्थितियों में विमान दुर्घटनाग्रस्त हुआ इसका पता लगाया जा रहा है, लेकिन यह स्पष्ट है कि प्रतिकूल समय में एअर इंडिया के कर्मचारियों और चालक दल ने अदभुत साहस का परिचय दिया। पिछले दो साल से विमान कंपनी का निजीकरण करने के सरकार के प्रयासों के कारण एअर इडिया का समूचा संगठन बुरी तरह प्रभावित हुआ है।’’
उन्होंने कहा कि भविष्य को लेकर अनिश्चितता और वेतन कटौती पर सरकार के फैसले तथा अवैतनिक अवकाश की नीति के कारण सभी कर्मचारियों पर बड़ा ‘‘मानसिक दबाव’’ पड़ा है।
केरल से भाकपा के राज्यसभा सदस्य ने कहा, ‘‘यह संभव है कि हवाई जहाजों का रखरखाव और सुरक्षा भी खतरे में पड़ जाए और जरूरी है कि जांच में इन पहलुओं पर भी गौर किया जाए।’’
यह भी पढ़े | Online Patriotic Film Festival: देशभक्ति वाली फिल्मों का ऑनलाइन फिल्म फेस्टिवल 7 अगस्त से शुरू.
उन्होंने कोविड-19 महामारी के बीच विदेशों में फंसे भारतीयों को लाने के लिए लगातार सेवाएं देने वाले एअर इडिया के चालक दल के सदस्यों की भी सराहना की ।
उन्होंने कहा, ‘‘मुझे उम्मीद है कि केंद्र सरकार एअर इंडिया की दिक्कतों और त्याग का संज्ञान लेगी और महामारी के बीच उनके रोजगार की स्थिति को बेहतर करने और रोजगार सुरक्षा प्रदान करने की दिशा में काम करेगी । ’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY