देश की खबरें | महाकुम्भ में भगदड़ की घटना बेहद दुखद, व्यवस्थाओं में कमी को दूर करे स्थानीय प्रशासन: विहिप

नयी दिल्ली, 29 जनवरी विश्व हिंदू परिषद (विहिप) ने बुधवार को प्रयागराज में महाकुम्भ में हुई भगदड़ की घटना को ‘‘बहुत दुखद’’ बताया और उम्मीद जताई कि स्थानीय प्रशासन व्यवस्थाओं में जो भी कमियां हैं उन्हें दूर करेगा।

विहिप अध्यक्ष आलोक कुमार ने घटना में मारे जाने वाले लोगों के प्रियजनों के प्रति गहरी संवेदना जताई और सभी घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।

उन्होंने राजनीतिक दलों से इस मामले में ‘‘आरोप-प्रत्यारोप’’ न करने की अपील की और कहा कि यह समय घायलों के लिए उचित उपचार सुनिश्चित करने, मृतकों के परिवारों को सांत्वना देने और स्थिति को संभालने का है।

पुलिस ने बताया कि मौनी अमावस्या के अवसर पर प्रयागराज महाकुंभ के संगम क्षेत्र में मंगलवार देर रात पवित्र स्नान करने के लिए बड़ी संख्या में तीर्थयात्रियों के पहुंचने से मची भगदड़ में 30 लोगों की मौत हो गई और 60 अन्य घायल हो गए।

विहिप अध्यक्ष कुमार ने एक बयान में कहा, ‘‘महाकुम्भ में आज जो दुर्घटना हुई, वह बेहद दुखद और पीड़ादायक है। हम मृतकों के परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करते हैं और सभी घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हैं।’’

उन्होंने कहा कि विहिप उम्मीद करता है कि अगर व्यवस्थाओं में कोई कमी है तो स्थानीय प्रशासन उसे दूर करेगा।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)