देश की खबरें | बोलनगीर में बीजू पटनायक की मूर्ति को आग लगायी गयी

भुवनेश्वर, 15 अप्रैल ओडिशा के बोलनगीर जिले के पटनागढ़ कस्बे में मंगलवार को पूर्व मुख्यमंत्री बीजू पटनायक की एक मूर्ति को आग लगा दी गयी। यह जानकारी पुलिस ने दी।

बीजू जनता दल (बीजद), भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) और अन्य वाम दलों ने घटना की निंदा की।

पुलिस महानिरीक्षक (उत्तरी रेंज) हिमांशु कुमार लाल ने बताया कि मूर्ति को आग लगाने के मामले में एक व्यक्ति को हिरासत में लिया गया है। उन्होंने बताया कि व्यक्ति मानसिक रूप से अस्थिर प्रतीत हो रहा है।

वरिष्ठ बीजद नेता प्रमिला मलिक ने विभिन्न स्थानों पर बीजू पटनायक की मूर्ति पर बढ़ते हमलों के लिए राज्य सरकार की आलोचना की।

पूर्व मंत्री एवं बीजद नेता प्रसन्ना आचार्य ने कहा, ‘‘यह केवल बीजू पटनायक की मूर्ति को आग लगाने की बात नहीं है, बल्कि ओडिशा के गौरव को भी आग लगायी गई है। कोई भी इस तरह की बर्बरता का समर्थन नहीं करेगा।’’

बीजद नेता संजय दास बर्मा ने कहा कि राज्य की भाजपा सरकार द्वारा बीजू पटनायक के जन्मदिन पांच मार्च को पंचायती राज दिवस के रूप में मनाना बंद किये जाने के बाद इस तरह की घटनाएं हो रही हैं।

बीजद नेता ने कहा कि यह हाल के दिनों में तीसरी ऐसी घटना है। उन्होंने कहा कि मार्च में शरारती तत्वों ने कटक जिले के महांगा इलाके में बीजू पटनायक की एक मूर्ति क्षतिग्रस्त कर दी थी। उन्होंने कहा कि एक अन्य घटना में पिछले महीने कटक शहर में बीजू पटनायक की मूर्ति का रंग बदल दिया गया था। बीजद नेता ने कहा कि बोलनगीर की घटना ऐसी तीसरी घटना है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)