पटना, 30 अप्रैल बिहार के राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर ने रविवार को राजभवन के राजेंद्र मंडप में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ की 100वीं कड़ी का प्रसारण सुना।
प्रधानमंत्री के रेडियो संबोधन के बाद सभा को संबोधित करते हुए राज्यपाल ने कहा, ‘‘मन की बात’’ के माध्यम से प्रधानमंत्री मोदी सफलतापूर्वक जनता के साथ संवाद करने की कोशिश कर रहे हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री द्वारा की गई यह एक सराहनीय पहल है। ऐसे कार्यक्रमों और पहल के माध्यम से प्रधानमंत्री उन लोगों के योगदान पर प्रकाश डालते हैं जो समाज की भलाई के लिए अथक काम कर रहे हैं। वे हमारे लिए प्रेरणा स्रोत हैं।’’
राज्यपाल ने बिहार के ऐसे लोगों के बारे में भी बताया जो अपनी पहल के माध्यम से राज्य के समग्र विकास में योगदान दे रहे हैं।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की राज्य इकाई ने रविवार को पटना के एसके मेमोरियल हॉल में ‘मन की बात’ की 100वीं कड़ी का प्रसारण सुनने की व्यवस्था की थी। भाजपा की बिहार इकाई के अध्यक्ष सम्राट चौधरी समेत पार्टी के अन्य नेताओं ने इसे सुना।
भाजपा के वरिष्ठ नेता व पूर्व केन्द्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद सहित पार्टी के अन्य नेताओं और उनके समर्थकों ने भी शहर के अशोक नगर इलाके में आयोजित एक समारोह में मन की बात कार्यक्रम की 100वीं कड़ी को सुना।
पटना साहिब लोकसभा क्षेत्र से सांसद रविशंकर प्रसाद ने सभा को संबोधित करते हुए कहा, ‘‘प्रधानमंत्री मन की बात कार्यक्रम के माध्यम से नागरिकों से बातचीत कर रहे हैं। वह (प्रधानमंत्री) सभा को संबोधित करते हुए इस कार्यक्रम के जरिए लोगों से बातचीत करते हैं और उन मुद्दों पर भी बात करते हैं जो देश के लिए फायदेमंद हैं।’’
उन्होंने कहा कि ‘मन की बात’ लोगों को देश की भलाई के लिए काम करने को प्रेरित करता है। प्रधानमंत्री हमेशा युवा पीढ़ी को राष्ट्र की नियति को संभालने के लिए प्रेरित करते हैं।
भाजपा नेताओं ने आज के ‘मन की बात’ कार्यक्रम का सीधा प्रसारण प्रदेश के कटिहार, पूर्णिया, दरभंगा, पूर्वी चंपारण, पश्चिमी चंपारण, मुजफ्फरपुर, वैशाली आदि जिलों में भी करने की व्यवस्था की थी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY