देश की खबरें | गुरुग्राम के उद्योगपति से गुंडों ने मांगे एक करोड़ रूपये, पुलिस ने शुरू की जांच

गुरुग्राम, 12 जनवरी गुरुग्राम में अज्ञात बदमाशों ने एक उद्योगपति से कथित तौर पर एक करोड़ रुपये की मांग की और मना करने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

उन्होंने कहा कि बदमाशों ने कथित तौर पर सेक्टर 14 में उद्योगपति के घर अपनी मांगों वाला पत्र दिया। पत्र में बवाना गिरोह के सदस्य पहलवान का उल्लेख है।

आईएमटी मानेसर में दो कंपनियों के मालिक उद्योगपति द्वारा दायर एक शिकायत के अनुसार, पत्र मंगलवार को एक सफेद लिफाफे में दिया गया था और सुबह के समाचार पत्रों के साथ रखा गया था।

उद्योगपति ने अपनी शिकायत में कहा कि पत्र में किसी अज्ञात व्यक्ति ने बुधवार शाम पांच बजे से पहले एक करोड़ रुपये नहीं देने पर उसे व उसके परिवार के सदस्यों को जान से मारने की धमकी दी है। पत्र में बवाना गिरोह के सदस्य पहलवान के नाम का भी जिक्र है।

शिकायत के बाद, बुधवार को सेक्टर 14 पुलिस थाने में अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई थी।

पुलिस ने कहा कि मामले की जांच दो टीमें कर रही हैं। पुलिस बदमाशों का पता लगाने के लिए सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।

पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) दीपक सहारन ने कहा, “हमारी टीमें काम में जुटी हैं। आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।”

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)