अमेरिकी प्रतिबंधों को ताक पर रखते हुए वेनेजुएला पहुंचा पहला ईरानी पोत

तेल टैंकर ‘फॉर्च्यून’ आसानी से कैरिबियाई जलक्षेत्र के माध्यम से वेनेजुएलियाई तट पर पहुंच गया और वेनेजुएला के अधिकारियों ने आगमन का जश्न मनाया। इस दौरान पोत को अमेरिका की ओर से तत्काल किसी हस्तक्षेप का सामना नहीं करना पड़ा।

वेनेजुएला के विदेश मंत्री जॉर्ज अरियजा ने ट्वीट किया, “ईरान और वेनेजुएला ने बुरे वक्त में हमेशा एक-दूसरे का साथ दिया है।”

उन्होंने कहा, “आज, गैसोलीन के साथ पहला पोत हमारे लोगों के लिए पहुंच गया।”

टैंकर और उसके पीछे चल रहे चार और पोत ईरान और वेनेजुएला के बीच फलीभूत हो रहे संबंधों के बीच खुले सागर का सफर समाप्त करने की ओर हैं। वाशिंगटन का कहना है कि दोनों देशों का शासन दमनकारी है।

मियामी स्थित निवेश कंपनी कराकस कैपिटल मार्केट्स के प्रमुख रस डालेन ने पोत का पता लगाने की प्रौद्योगिकी का इस्तेमाल कर ‘फॉर्च्यून’ की लोकेशन की पुष्टि की। उन्होंने कहा कि पांच में से सबसे अंतिम पोत, अगुआ टैंकर से करीब साढ़े तीन दिन पीछे चल रहा है।

वेनेजुएला के पास विश्व का सबसे बड़ा तेल भंडार है लेकिन उसे गैसोलीन के आयात की जरूरत पड़ती है क्योंकि पिछले दो दशक में इसका उत्पादन बुरी तरह प्रभावित हुआ है।

एपी

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)