वंदे भारत एक्सप्रेस फिर जानवर से टकराई, 2 दिनों में दूसरी घटना; हादसों पर आया रेल मंत्री का बयान
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने शुक्रवार को यहां कहा कि पटरियों पर जानवरों से टक्कर को टाला नहीं जा सकता और सेमी-हाई स्पीड ट्रेन वंदे भारत की डिजाइन तैयार करते समय इसका ध्यान रखा गया है.
आणंद (गुजरात), सात अक्टूबर: रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने शुक्रवार को यहां कहा कि पटरियों पर जानवरों से टक्कर को टाला नहीं जा सकता और सेमी-हाई स्पीड ट्रेन वंदे भारत की डिजाइन तैयार करते समय इसका ध्यान रखा गया है. गांधीनगर-मुंबई सेंट्रल के बीच चलने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस बृहस्पतिवार को अहमदाबाद के निकट वाटवा में चार भैसों से टकरा गई. इसके चलते ट्रेन का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया था जिसे बाद में बदल दिया गया. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस मार्ग पर 30 सितंबर को ट्रेन को झंडी दिखाकर रवाना किया था. VIDEO: 40 सेकेंड में आई मौत! गरबा के दौरान डांस करते-करते युवक ने तोड़ा दम, वीडियो वायरल.
वैष्णव ने यहां कहा, “ट्रेन का डिजाइन खास तरह से तैयार किया गया है और यह बेहद मजबूत है तथा अगर कोई दुर्घटना होती भी है तो ट्रेन को कोई नुकसान नहीं पहुंचेगा. ट्रेन के अगले हिस्से को पूरी तरह से बदला जा सकता है. जैसी ही ट्रेन (बृहस्पतिवार को दुर्घटना के बाद) मुंबई पहुंची, इसे पूरी तरह से साफ कर दिया गया और उसके अगले हिस्से को बदल दिया गया.”
मंत्री वल्लभ विद्यानगर में एक इंजीनियरिंग कॉलेज के छात्रों के साथ बातचीत कर रहे थे. उन्होंने कहा, ट्रेन को “बहुत सोच समझकर” डिजाइन किया गया है. मंत्री ने कहा, “भारत में जमीन पर पटरियां बिछाई जाती हैं. आप जहां भी जाएंगे, जानवर उन्हें पार करेंगे. उन्हें कोई नहीं रोक सकता. जब तक हम अगले पांच-छह वर्षों में पटरियों को ऊंचा नहीं कर लेते, वे (जानवर) ट्रेनों के सामने आएंगे.”
केंद्रीय मंत्री ने कहा, “ट्रेनें 120-130-160 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलेंगी और टक्कर होना लाजमी है. यह सामान्य ज्ञान और डिजाइन का मामला है. इसलिए इसे इस तरह से डिजाइन करें कि जब भी ऐसी कोई घटना हो तो आप इसे सुधार सकें.”
उन्होंने कहा कि ट्रेन को इसे ध्यान में रखकर डिजाइन किया गया है. वैष्णव ने कहा कि वंदे भारत ट्रेन के अगले संस्करण की रफ्तार 200 किलोमीटर प्रति घंटा होगी. गांधीनगर-मुंबई मार्ग पर चलने वाले इसके नवीनतम संस्करण की अधिकतम गति 160 किलोमीटर प्रतिघंटा है.
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Oct 07, 2022 08:18 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

